Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » पिता के सामने तीन बच्चे डूबे, दो को निकाला और एक बेटी डूबी

पिता के सामने तीन बच्चे डूबे, दो को निकाला और एक बेटी डूबी

शिकोहाबाद। थाना क्षेत्र के गांव नगला बिलोटिया में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्ची की नहर में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब पिता के सामने ही तीन बच्चे नहर में डूबने लगे। पिता ने दो बच्चों को तो बचा लिया, लेकिन तीसरी बेटी को नहीं बचा सका। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अनुज राणा फोर्स और फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंचे। करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची का शव घटनास्थल से दो किलोमीटर दूर बंबे से बरामद किया गया। गांव नगला बिलोटिया निवासी सुनील कुमार बेलदारी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसके चार बच्चे हैं—आदित्य (12), चिराग (9), वंशिका (8) और अंशिका (6)। रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे सुनील अपने चारों बच्चों को लेकर नगर के समीप खजूर खिलाने के लिए असुआ पुल के पास गया था। जब वह खजूर तोड़ रहा था, तभी चारों बच्चे नहर के किनारे पहुंच गए और नहाने लगे। छोटी बच्ची किनारे थी, जबकि तीन बड़े बच्चे थोड़े अंदर चले गए। अचानक चिराग, अंशिका और वंशिका गहराई में डूबने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनते ही सुनील दौड़कर नहर पर पहुंचा और बिना देर किए पानी में कूद गया। उसने किसी तरह चिराग और अंशिका को बचा लिया, लेकिन वंशिका को नहीं बचा सका। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग और परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों ने बच्ची की तलाश शुरू की। सात घंटे बाद उसका शव घटनास्थल से दो किलोमीटर दूर बंबे से बरामद हुआ। शव मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।