Saturday, March 7, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ड्यूटी से घर लौट रहे मजदूर को रास्ते में रोककर दबंगों ने पीटा

ड्यूटी से घर लौट रहे मजदूर को रास्ते में रोककर दबंगों ने पीटा

ऊंचाहार, रायबरेली। सोमवार की शाम करीब छह बजे एनटीपीसी प्लांट से ड्यूटी कर घर लौट रहे एक मजदूर के साथ बाइक सवार दबंगों ने मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। यह घटना कोतवाली क्षेत्र ऊंचाहार के पटेरवा चौराहा की है। गोसाई का पुरवा मजरे उमरन गांव निवासी राकेश कुमार गिरी एनटीपीसी प्लांट में मजदूरी करता है। सोमवार की शाम करीब छह बजे वह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था, तभी पटेरवा चौराहा के पास बाइक सवार कुछ दबंगों ने उसे रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में राकेश के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर मोटरसाइकिल से भाग निकले। घायल मजदूर को स्थानीय लोगों की मदद से उमरन स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर ग्राम प्रधान और एंबुलेंस की सहायता से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊंचाहार लाया गया। सीएचसी ऊंचाहार में तैनात डॉक्टर महमूद अख्तर ने बताया कि पीड़ित का इलाज किया जा रहा है और उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है। वहीं, कोतवाल संजय कुमार का कहना है कि फिलहाल मामला संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।