मथुरा। मुड़िया पूर्णिमा मेला की व्यवस्थाओं को लेकर सांसद हेमा मालिनी, विधायक मेघश्याम सिंह, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सभी विभागों की समीक्षा की। मुड़िया मेला 6 से 10 जुलाई तक आयोजित होगा। बैठक में मेला की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा अधीनस्थों को कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं के लिए पुलिस का व्यवहार सुशील एवं सहायक हो, इस बात पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि पीने के पानी की व्यवस्था, जलभराव की समस्या का निस्तारण, बरसात को ध्यान में रखते हुए बिजली सुरक्षा और आपूर्ति का विशेष ध्यान रखा जाए। परिक्रमा मार्ग में हाई मास्क लाइट सही होकर जलें, 212 सोलर लाइटें सभी चालू हों। सीसीटीवी से परिक्रमा मार्ग पर नजर रखी जाए। जन सुविधा, पेयजल प्याऊ और बाल पेंटिंग का कार्य जल्द पूरा किया जाए। पीए सिस्टम के स्थलों की जानकारी के साथ भजन सुनाने की व्यवस्था की जाए। मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी कर्मचारी वर्दी में रहें। मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की जाए। कुंडों पर नाव और गोताखोरों को तैनात करने के निर्देश दिए गए। वाच टावर, अस्थाई पुलिस चौकी, सीओ और पुलिस अधीक्षक यातायात मिलकर पार्किंग व्यवस्था करें। पार्किंग के लिए 61 चिन्हित स्थल हैं, बरसात को ध्यान में रखते हुए पार्किंग चिन्हित करें। रैंप, चकर प्लेट आदि की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करें। भंडारा आयोजकों से स्वच्छता के नाम पर पांच हजार रुपए के बजाय कम पैसे लेने पर विचार किया जाए। बिजली के खंभों पर प्लास्टिक लगाया जाए तथा हाई मास्क और सोलर लाइटों को सुचारु रखा जाए। लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि परिक्रमा मार्गों को गड्ढा मुक्त रखा जाए और नालों-नालियों की सफाई व टैपिंग की जाए। परिवहन विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि बसों की छतों पर कोई व्यक्ति न बैठे और बस के चालक बिना बस छोड़े न भागें। रेल विभाग द्वारा मेला में स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी और एक्स्ट्रा बोगियां लगाई जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग को गोवर्धन स्वास्थ्य केंद्र में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी हैं, जैसे ऑक्सीजन, दवाएं, एंबुलेंस, डॉक्टर, मोबाइल एंबुलेंस और मेडिकल टीम की पर्याप्त व्यवस्था। विकास प्राधिकरण प्रकाश व्यवस्था और पार्किंग का संचालन करेगा। सभी पार्किंगों को क्रमवार भरा जाए। गिरिवर निकुंज के समीप, आन्यौर और राधाकुंड में जलभराव की समस्या से निपटने का प्रयास किया जाएगा। विधायक ठा0 मेघश्याम सिंह ने कहा कि गोवर्धन आने वाले सभी मार्गों पर स्वागत द्वार बनाए जाएं और होर्डिंग लगाई जाएं। मेला से एक दिन पहले हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जानकारी भी दी गई। मीटिंग में उप जिलाधिकारी गोवर्धन नीलम श्रीवास्तव, तहसीलदार मनीष कुमार, नायब तहसीलदार अवनीश कुमार, क्षेत्राधिकारी वन ब्रजेश सिंह परमार, चेयरमैन प्रतिनिधि मनीष शर्मा, राधाकुंड चेयरमैन रामफल मुंशी, ईओ चैतन्य तिवारी, अंशु कौशिक, कपिल सेठ, ज्ञानेंद्र राणा, सियाराम शर्मा, गणेश पहलवान, आकाश, अनंत शर्मा आदि मौजूद रहे।
Jansaamna