रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्रा एवं आरेडिका महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती भारती मिश्रा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मिलकर पौधारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इको कम जॉगर्स पार्क में महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं के साथ वृक्षारोपण करते हुए श्रीमती भारती मिश्रा ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। महाप्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस 2025 की थीम “प्लास्टिक प्रदूषण को हराएं” है। उन्होंने अपील की कि प्लास्टिक के उपयोग को कम करें, सिंगल यूज प्लास्टिक से पूरी तरह बचें, और कपड़े व जूट के थैलों का उपयोग बढ़ाएं।
उन्होंने कहा कि संसाधनों का संतुलित उपयोग कर ही हम भविष्य की पीढ़ियों के लिए पर्यावरण सुरक्षित रख सकते हैं। उन्होंने बताया कि आरेडिका में तापीय ऊर्जा की जगह सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्तमान में यहां 4.08 मेगावाट सौर ऊर्जा का उत्पादन हो रहा है, जो कुल खपत का लगभग 35 प्रतिशत है। साथ ही जल संरक्षण की दिशा में भी आरेडिका ने प्रभावशाली कदम उठाए हैं – 10 बोरवेल, 12 तालाब एवं 29 वर्षा जल संचयन केंद्रों के माध्यम से हर वर्ष 631 मिलियन लीटर जल का संचयन किया जा रहा है। भविष्य में जितना जल उपयोग होगा, उतना ही भूमि में रिचार्ज करने की योजना है। प्रधान मुख्य अभियंता सत्य प्रकाश यादव ने जानकारी दी कि इस अवसर पर बरगद, पीपल, अमलताश, गुलमोहर, कचनार, पाकड़, करेंज और चितवन जैसे 900 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता विवेक खरे, प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता मनोज कुमार जिंदल, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रमेश चंद्र समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम की जानकारी मुख्य जन संपर्क अधिकारी आर. एन. तिवारी द्वारा दी गई।