फिरोजाबाद। गुरुवार को डीआईजी आगरा शैलेश कुमार पांडे ने बकरीद को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने नगर का पैदल भ्रमण कर शहरवासियों को सुरक्षा का भरोसा दिया। डीआईजी ने कहा कि फिरोजाबाद पुलिस आपकी सुरक्षा में हमेशा तत्पर है और अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। चैकी नालबंद पर डीआईजी ने मुस्लिम समाज के लोगों के साथ बैठक की जिसमें सात जून को मनाए जाने वाले बकरीद त्योहार की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और पुलिस की अपेक्षाओं से अवगत कराया। बैठक सकारात्मक रही और पुलिस द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। त्योहार पारंपरिक और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा तथा कोई गैर परंपरागत आयोजन नहीं होगा। सभी ने इस त्योहार को सकुशल मनाने का संकल्प लिया और अमन चैन कायम रखने का आश्वासन दिया। डीआईजी ने सभी से अपील की कि त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं और भरोसा दिलाया कि पुलिस आपके साथ है। बैठक के बाद डीआईजी ने शहर का पैदल भ्रमण किया ताकि लोगों को सुरक्षा का एहसास हो सके। इस दौरान एसएसपी सौरभ दीक्षित सहित कई थानों का पुलिस फोर्स और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
Jansaamna