Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बाग में लटकते हाई वोल्टेज तार बन रहे जानलेवा खतरा

बाग में लटकते हाई वोल्टेज तार बन रहे जानलेवा खतरा

रायबरेली। सरेनी ब्लॉक के अंतर्गत चिंताखेड़ा गांव में आम के बागों के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन अब खतरे का कारण बन चुकी है। बाग के बीचों-बीच लटक रहे हाई वोल्टेज तार इतने नीचे झुक गए हैं कि जमीन को छूने लगे हैं। इससे अब तक दो नीलगायों की करंट लगने से मौत हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों और बाग मालिकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस बाग में बच्चों और अन्य ग्रामीणों की आवाजाही रहती है। ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने कई बार बिजली विभाग को सूचना दी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। शिकायत करने पर एसडीओ ने समाधान का आश्वासन जरूर दिया और संबंधित जेई को निर्देशित किया, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि जेई का मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। इससे लोगों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है। स्थानीय निवासी बताते हैं कि यह समस्या काफी समय से बनी हुई है और विभाग की ओर से टालमटोल किया जा रहा है। अब जबकि बरसात का मौसम नजदीक है, यह खतरा और बढ़ सकता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द तारों की मरम्मत कराई जाए और क्षेत्रवासियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।