Saturday, March 7, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » भाजपाइयों ने पंचायत चौपाल में केंद्र सरकार की उपलब्धियों का किया व्याख्यान

भाजपाइयों ने पंचायत चौपाल में केंद्र सरकार की उपलब्धियों का किया व्याख्यान

फिरोजाबाद। सिरसागंज नगर के भावली शक्ति केंद्र पर स्थित आर. डी. कोल्ड स्टोरेज में ‘विकसित भारत का अमृत काल – सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 साल’ अभियान के अंतर्गत ‘पंचायत चौपाल’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संयोजन बूथ अध्यक्ष अनुज राजपूत द्वारा किया गया। चौपाल में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देशभर में 81 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से अब तक 4 करोड़ से अधिक घरों का निर्माण किया गया है, जबकि जल जीवन मिशन के तहत 15 करोड़ ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने आगे बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से 51 करोड़ से अधिक लोगों को सुरक्षा कवरेज प्राप्त हुआ है और पीएम स्वनिधि योजना के तहत 68 लाख से अधिक रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को बिना जमानत ऋण दिया गया है। भारतीय संस्कृति और विरासत को सशक्त करने के लिए अयोध्या में भव्य राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकाल लोक जैसे सांस्कृतिक स्थलों का विकास किया गया है। प्रसाद योजना के तहत लगभग 1900 करोड़ रुपये की राशि से धार्मिक स्थलों के विकास का कार्य हुआ है। वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से वक्फ संपत्तियों में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा दिया गया है। कार्यक्रम के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण अभियान का आयोजन भी किया गया, जिसका नेतृत्व पूर्व चेयरमैन राघवेंद्र सिंह ने किया। यह अभियान 5 जून से 5 अगस्त तक पूरे देश में चलाया जाएगा। चौपाल में प्रमुख रूप से राघवेंद्र सिंह (पूर्व चेयरमैन), डॉ. अमित गुप्ता (जिला मीडिया प्रभारी), विपिन शिवहरे (जिला मंत्री), ज्योति गुप्ता (नगर अध्यक्ष), वीरू धाकरे, राजवीर सिंह, यशपाल यादव, महेश शर्मा, वीरेंद्र प्रताप सिंह, विजय तोमर, पंकज राजपूत, अजीत राजपूत, श्याम गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।