Friday, April 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने सुनी महिलाओं की समस्या, कराया निस्तारण

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने सुनी महिलाओं की समस्या, कराया निस्तारण

फिरोजाबाद। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर गुरुवार को फिरोजाबाद पहुंचीं, जहां उन्होंने कलक्ट्रेट सभागार में सरकारी योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों के साथ बैठक की। उन्होंने महिलाओं के हित में चलाई जा रही सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और फिर जनसुनवाई की। जनसुनवाई में आई महिलाओं की समस्याएं सुनते हुए उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘महिला आयोग आपके द्वार’ थीम के तहत देशभर में महिला आयोग की टीमें जिलों और मंडलों में जाकर महिलाओं की समस्याएं सुन रही हैं और उनका निराकरण करा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों को रोकना और पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाना आयोग की प्राथमिकता है। हर महिला आयोग के दफ्तर नहीं आ सकती, इसलिए हमने निर्णय लिया है कि हम खुद जिलों में जाकर महिलाओं की आवाज सुनें और उन्हें न्याय दिलाएं। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे, जिससे समस्याओं के समाधान में कोई कठिनाई नहीं आई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान, अपर जिलाधिकारी संगीता गौतम, उप जिलाधिकारी अनुराधा सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।