Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » 20 एमएलडी सीईटीपी निर्माण की प्रगति की समीक्षा बैठक, जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी

20 एमएलडी सीईटीपी निर्माण की प्रगति की समीक्षा बैठक, जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी

फिरोजाबाद। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में 20 एमएलडी सीईटीपी (कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारी, प्रॉजेक्ट मैनेजर एवं जेटेटा (JETTA) के सचिव उपस्थित रहे। बैठक के दौरान प्रॉजेक्ट मैनेजर ने जानकारी दी कि निर्माण एजेंसी वेटेक वबाग द्वारा बीते 55 दिनों में कार्य की प्रगति अत्यंत धीमी रही है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि समस्त कार्यों को युद्धस्तर पर पूर्ण कराया जाए। प्रॉजेक्ट इंजीनियर द्वारा बताया गया कि निर्माण कार्य में लापरवाही के चलते वेटेक वबाग पर पूर्व में ₹30 लाख का जुर्माना लगाया जा चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने जेटेटा सचिव को निर्देश दिया कि जुर्माने की वसूली तत्काल सुनिश्चित कराई जाए। बैठक में यह भी सामने आया कि लगभग 80 टेनरियों ने अब तक अपने हिस्से का भुगतान नहीं किया है। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिया कि इन बकायेदार टेनरियों की सूची उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) मुख्यालय को भेजी जाए, ताकि उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जा सके। जिलाधिकारी ने वेटेक वबाग द्वारा स्लज प्रबंधन में बरती जा रही लापरवाही पर भी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया कि सभी कार्य पर्यावरणीय मानकों और प्रोटोकॉल के अनुसार ही होने चाहिए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने जेटेटा सचिव को निर्देशित किया कि सीईटीपी संचालन में आ रही समस्त बाधाओं का विस्तृत विवरण तैयार कर “नमामि गंगे परियोजना कार्यालय” को पत्र के माध्यम से तत्काल भेजा जाए, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।