Friday, April 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ईरान-इजराइल संघर्ष के बीच ऑपरेशन सिंधु के तहत अब तक 1,713 भारतीयों को सुरक्षित निकाला गया

ईरान-इजराइल संघर्ष के बीच ऑपरेशन सिंधु के तहत अब तक 1,713 भारतीयों को सुरक्षित निकाला गया

नई दिल्ली। ईरान और इजराइल के बीच जारी तनाव के चलते भारत सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत अपने नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाने का अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में रविवार देर रात मशहद से एक विशेष विमान 285 भारतीय नागरिकों को लेकर दिल्ली पहुंचा। दिल्ली एयरपोर्ट पर जैसे ही यह फ्लाइट उतरी, यात्रियों की आंखों में खुशी और भावुकता के आंसू देखने को मिले। कुछ लोगों ने जमीन पर माथा टेका, तो कुछ ने ‘वन्दे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। वहीं, इजराइल से भी भारतीय नागरिकों को निकाला जा रहा है। रविवार को 160 भारतीयों का एक जत्था इजराइल से जॉर्डन पहुंचा, जो सोमवार को दिल्ली पहुंचेगा। बताया जा रहा है कि इजराइल में करीब 40 हजार भारतीय नागरिक रह रहे हैं, जिनमें केयरगिवर, छात्र और मजदूर शामिल हैं। वहीं, ईरान में लगभग 4,000 भारतीय हैं, जिनमें से करीब 2,000 छात्र हैं। ऑपरेशन सिंधु की शुरुआत विदेश मंत्रालय ने बुधवार को की थी, जब तेहरान के केशावरज स्ट्रीट स्थित मेडिकल छात्रों के हॉस्टल पर हमले की खबरें सामने आईं। कुछ छात्रों के घायल होने की पुष्टि के बाद भारतीय दूतावास ने तुरंत कार्रवाई की और भारतीयों को सुरक्षित निकालने का निर्णय लिया। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास और ईरानी विदेश मंत्रालय के बीच लगातार संपर्क बना हुआ है। विदेश मंत्रालय ने ईरान में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे आपातकालीन हेल्पलाइन के माध्यम से भारतीय दूतावास से संपर्क में रहें। नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने 24×7 नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया है, जो ऑपरेशन सिंधु के तहत आने वाले सभी यात्रियों की निगरानी और सहायता कर रहा है। -Pic & story by Kamal Nain Narang