Sunday, June 14, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर विकास भवन में भरी हुंकार

कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर विकास भवन में भरी हुंकार

फिरोजाबाद। मंगलवार को कर्मचारी संयुक्त परिषद के तत्वावधान में कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा उत्तर प्रदेश के आह्वान पर विकास भवन प्रांगण में भूख हड़ताल कर कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन बहाली और निजीकरण की समाप्ति शामिल रही। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 12 सूत्रीय मांगपत्र प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा गया। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री और विभागाध्यक्षों द्वारा मांगों पर सहमति जताई गई थी, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। इसी कारण प्रांतीय आह्वान पर आज एक दिवसीय सत्याग्रह और भूख हड़ताल की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगे नहीं मानी गईं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। धर्मेंद्र कुमार कृष्णज ने कहा कि अटेवा ने पुरानी पेंशन की बहाली और निजीकरण के खिलाफ पूरे देश में आवाज उठाई है। नई पेंशन योजना न तो कर्मचारियों और न ही देश के हित में है। इसे समाप्त कर पुरानी पेंशन प्रणाली बहाल की जानी चाहिए। कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष प्रेमप्रकाश कुशवाहा ने कहा कि यदि जल्द ही मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो सभी कर्मचारी बड़े आंदोलन के लिए तैयार हैं। इस अवसर पर धर्मेंद्र कुमार (प्रांतीय संयुक्त मंत्री, ट्यूबवेल टेक्निकल एसोसिएशन) और वेद प्रकाश राठौर (अध्यक्ष, डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन) ने कहा कि हक और अधिकार की इस लड़ाई में सभी कर्मचारी एक मंच पर एकजुट हैं और सरकार को मांगें पूरी करने के लिए मजबूर किया जाएगा। इस प्रदर्शन में भानु प्रकाश बघेल, जेएस यादव, अनिल कुमार, केके अग्रवाल, इंद्रपाल सिंह, दलबीर सिंह, नरेंद्र प्रताप मौर्य, रमेश कश्यप, राजेश यादव, सुशील कुमार, योगेश चंद्र यादव, राकेश प्रताप सिंह, मुलायम सिंह, संदीप दीक्षित, योगेंद्र सिंह, अवनीश कुमार, नीरज कुमार यादव, प्रवीण कुमार, सत्येंद्र कुमार यादव, श्रीनिवास यादव, अरुण कुमार, प्रीति जैन, देवेश कुमार सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।