Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मंडलायुक्त आगरा ने स्मार्ट सिटी के अंतर्गत फिरोजाबाद में विकास कार्यों का लिया जायजा

मंडलायुक्त आगरा ने स्मार्ट सिटी के अंतर्गत फिरोजाबाद में विकास कार्यों का लिया जायजा

फिरोजाबाद। मंडलायुक्त आगरा शैलेंद्र कुमार सिंह मंगलवार को जिले के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने शहर में स्मार्ट सिटी के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत गांधी पार्क स्थित पालीवाल हॉल से हुई, जहां उन्होंने सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति देखी और कार्यदायी संस्था को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद मंडलायुक्त ने जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक की। सुहागनगरी के ककरऊ कोटी क्षेत्र में निर्माणाधीन नगर निगम के जोनल ऑफिस का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और मैनपावर बढ़ाकर कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने भारत सरकार द्वारा 97 लाख की लागत से निर्मित ग्रीन क्रीमीटोरियम का निरीक्षण किया। यह क्रीमीटोरियम पूर्णतः गैस आधारित है और इससे पर्यावरण को किसी प्रकार की हानि नहीं होगी। मंडलायुक्त ने गांधी पार्क व पालीवाल हॉल के निरीक्षण के दौरान भी कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में विभिन्न स्थानों पर विकास कार्य चल रहे हैं, जिनका परिणाम शीघ्र दिखाई देगा। मानसून को ध्यान में रखते हुए जलभराव की समस्या पर भी ध्यान दिया गया। ड्रेनेज सिस्टम की सफाई और नालों की तलीझाड़ के निर्देश दिए गए हैं। जहां-जहां जलभराव की स्थिति बनी हुई है, वहां भी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर बल दिया गया है। निरीक्षण के उपरांत सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में डीएम रमेश रंजन, नगरायुक्त ऋषि राज, मेयर कामिनी राठौर, उपसभापति विजय शर्मा, पार्षदगण और जिले के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।