Monday, April 27, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » कांवड़ यात्रा को लेकर सासनी में तैयारियां तेज, प्रशासन सतर्क

कांवड़ यात्रा को लेकर सासनी में तैयारियां तेज, प्रशासन सतर्क

सासनी। श्रावण मास में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर सासनी में तैयारियां तेज़ हो गई हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नगर विकास विभाग ने सभी नगरीय निकायों को सतर्क किया है। इसी क्रम में नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन ने यात्रा को शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतज़ाम किए जा रहे हैं। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह विश्राम शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां ठहरने, भोजन करने और आराम करने की पूरी व्यवस्था होगी। नगर पंचायत व समाजसेवियों की सहायता से शिविरों में बिजली, पीने का पानी, कुर्सी, गद्दे, चारपाई आदि सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन शिविरों में प्राथमिक चिकित्सा और स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। यात्रा मार्ग की सफाई, रोशनी और पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कर्मचारी लगातार कार्यरत हैं। प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती और विशेष निगरानी की व्यवस्था की है, ताकि यात्रा के दौरान कोई अव्यवस्था न हो। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी यात्रा पर निगरानी रखेंगे और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहेंगे।