रायबरेली। सलोन में आयोजित थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्हें भूमि पर अवैध कब्जा, मारपीट, ग्रामीण चक मार्ग विवाद, आपसी रंजिश और महिला उत्पीड़न जैसी कई शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लोगों की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से जमीनी विवादों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि इन मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जाकर सत्यापन किया जाए और तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि फरियादियों को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। डीएम हर्षिता माथुर ने थाना दिवस रजिस्टर और भूमि विवाद रजिस्टर का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि रजिस्टर में दर्ज सभी प्रकरणों का जल्द से जल्द निस्तारण कराया जाए। इसके पश्चात जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सलोन तहसील में नव निर्मित स्टेनो कक्ष एवं जीर्णोद्धार सभागार का उद्घाटन भी किया। इस मौके पर सलोन एसडीएम चंद्र प्रकाश गौतम, क्षेत्राधिकारी सलोन सहित पुलिस व राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।
Home » मुख्य समाचार » थाना दिवस पर सलोन में डीएम-एसपी ने सुनी लोगों की शिकायतें, समयबद्ध निस्तारण का दिया निर्देश
Jansaamna