Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ऊंचाहार में अंडर पास निर्माण को लेकर भाजपा नेता ने विधायक का जताया आभार

ऊंचाहार में अंडर पास निर्माण को लेकर भाजपा नेता ने विधायक का जताया आभार

ऊंचाहार, रायबरेली। नगर की बंद पड़ी रेलवे क्रॉसिंग से हो रही परेशानियों के बीच क्षेत्रवासियों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने जा रही है। क्षेत्रीय विधायक डॉ. मनोज पांडेय के प्रयासों से ऊंचाहार में अंडर पास का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने वाला है। भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल ने इस पहल के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया है। भाजपा नेता ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग के बंद होने के बाद स्थानीय लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। कई बार रेलवे अधिकारियों और जिला प्रशासन के माध्यम से समाधान खोजने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई ठोस परिणाम नहीं निकल सका। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता एवं सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अजय अग्रवाल के प्रयास भी सफल नहीं हो पाए। इस दौरान रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर दुकानदारों का व्यवसाय प्रभावित हो गया था, और स्कूल-कॉलेज के छात्र जान जोखिम में डालकर पटरियां पार करने को मजबूर थे। ऐसी स्थिति में विधायक डॉ. मनोज पांडेय के समक्ष यह मुद्दा रखा गया। उन्होंने गंभीरता से इसे लेते हुए रेल मंत्री से भेंट कर अंडर पास निर्माण की मांग की, जिसे रेल मंत्री ने सकारात्मक रूप से स्वीकारते हुए अधिकारियों को निर्देश जारी किए। इसके बाद, 14 फरवरी को मंडल रेल प्रबंधक ने विधायक को पत्र लिखकर इस मांग को स्वीकृति प्रदान किए जाने की जानकारी दी। अब इस परियोजना की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। अभिलाष कौशल ने कहा कि यह प्रयास ऊंचाहार क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत देने वाला है। उन्होंने विधायक से रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे सर्विस रोड और नाली निर्माण की भी मांग की है और उम्मीद जताई कि इस दिशा में भी जल्द परिणाम मिलेंगे। इस अवसर पर भाजपा नेता राजा जितेंद्र बहादुर सिंह उर्फ साधू भैया, विनीत कौशल, बृजलाल गुप्ता, मंडल अध्यक्ष पवन सिंह, अरविंद शर्मा, अमरेश यादव, गुड्डन यादव, संदीप पटेल, अरुण गुप्ता, सुरेश मौर्य आदि ने भी विधायक को धन्यवाद ज्ञापित किया और आभार व्यक्त किया।