Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » नगर के विकास में सहयोग नहीं कर रही एनटीपीसी, सांसद राहुल गांधी से मिलेंगी चेयरपर्सन

नगर के विकास में सहयोग नहीं कर रही एनटीपीसी, सांसद राहुल गांधी से मिलेंगी चेयरपर्सन

ऊंचाहार, रायबरेली। नगर पंचायत ऊंचाहार की चेयरपर्सन ममता जायसवाल और अध्यक्ष प्रतिनिधि कृष्ण चंद्र जायसवाल ने एनटीपीसी ऊंचाहार पर नगर के विकास को लेकर उपेक्षा का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि परियोजना से प्रभावित होने के बावजूद एनटीपीसी द्वारा ऊंचाहार नगर की विकास योजनाओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
अध्यक्ष प्रतिनिधि कृष्ण चंद्र जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते तीन वर्षों से नगर पंचायत द्वारा कई बार एनटीपीसी प्रबंधन से नगर के अधूरे विकास कार्यों को पूर्ण कराने की मांग की गई, पत्राचार किया गया, लेकिन कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली। उन्होंने बताया कि बीते माह एनटीपीसी के जनसंपर्क अधिकारी से भी इस संबंध में चर्चा की गई थी, परन्तु इसके बावजूद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि अब यह मामला जिले के सांसद राहुल गांधी के समक्ष उठाया जाएगा। नगर पंचायत चेयरपर्सन ममता जायसवाल ने बताया कि मीडिया से जानकारी मिली है कि सांसद राहुल गांधी का आगामी 16-17 जुलाई को रायबरेली और ऊंचाहार में संभावित दौरा है। इस दौरान नगर की करीब तीस हजार आबादी को लाभ दिलाने के उद्देश्य से नगर पंचायत ऊंचाहार जिले के सांसद से मिलकर नगर के विकास पर चर्चा करके अपनी बात रखी जाएगी। साथ ही यह मांग की जाएगी कि एनटीपीसी ऊंचाहार द्वारा नगर के लोगों को भी सीएसआर दायित्वों के तहत लाभ पहुंचाए। नगर के सार्वजनिक और सामाजिक विकास में भी एनटीपीसी प्रबंधन सहयोग करे।