हाथरस। आगामी 27 जुलाई से 3 अगस्त 2025 तक श्री दाऊजी महाराज मंदिर, किला हाथरस परिसर में आयोजित होने वाले पारंपरिक श्री रेवती मईया मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार को समिति प्रतिनिधियों ने नगर पालिका अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। श्री रेवती मईया मेला समिति के संस्थापक एवं डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अतुल आँधीवाल एडवोकेट और समिति के कोषाध्यक्ष बांके बिहारी अपनावाले ने पालिकाध्यक्ष श्रीमती श्वेता चौधरी से मुलाकात कर उन्हें मेले की तैयारियों के संबंध में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि यह मेला धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसमें प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। मेले के दौरान आठ दिनों तक विविध धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समिति ने मांग की कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मेला स्थल पर समय रहते जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। ज्ञापन में प्रमुख रूप से पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई, कीटनाशक दवा का छिड़काव, चूना डलवाना, और बंद पड़ी हाईमास्क लाइटों को चालू कराने जैसी मांगें रखी गईं। समिति का कहना है कि यदि समय रहते ये व्यवस्थाएं सुनिश्चित नहीं की गईं तो श्रद्धालुओं और कार्यक्रम में भाग लेने वाले लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही अपनी टीम के साथ स्थल का निरीक्षण करेंगी। उन्होंने कहा कि यह मेला श्रद्धा और आस्था का केंद्र है, और नगर पालिका इसकी गरिमा बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मेला अवधि के दौरान वे स्वयं उपस्थित रहकर किसी भी समस्या का तत्काल समाधान कराएंगी।
Jansaamna