Thursday, April 23, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » स्वच्छ सर्वेक्षण में नगर पंचायत ऊंचाहार को मिली बड़ी सफलता, प्रदेश में 362 निकायों को पीछे छोड़ 49वीं रैंक हासिल

स्वच्छ सर्वेक्षण में नगर पंचायत ऊंचाहार को मिली बड़ी सफलता, प्रदेश में 362 निकायों को पीछे छोड़ 49वीं रैंक हासिल

रायबरेली। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जारी स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 (2024-25) में नगर पंचायत ऊंचाहार ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नगर पंचायत को राष्ट्रीय स्तर पर 252वीं और उत्तर प्रदेश में 49वीं रैंक प्राप्त हुई है। इस सफलता पर नगर पंचायत की चेयरपर्सन ममता जायसवाल ने नगरवासियों, सभासदों व सफाईकर्मियों का आभार जताते हुए इसे सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। नगर पंचायत सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में चेयरपर्सन ममता जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने में ऊंचाहार ने अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता के क्षेत्र में ऊंचाहार ने पिछली रैंकिंग की तुलना में अभूतपूर्व प्रगति की है। वर्ष 2023 में जहां नगर पंचायत की राष्ट्रीय रैंकिंग 2052 थी, वहीं 2024 में यह सुधरकर 252 हो गई है। इसी प्रकार प्रदेश में भी 411वीं रैंक से छलांग लगाकर 49वीं रैंक प्राप्त की गई है। उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, बाजार और आवासीय क्षेत्रों की साफ-सफाई तथा नागरिकों की जागरूकता ने इस उपलब्धि में अहम भूमिका निभाई। स्वच्छता ही सेवा के संकल्प को नगरवासियों, सफाई मित्रों और सभी सभासदों ने अपने-अपने वार्डों में जनजागरण के माध्यम से साकार किया। इस अवसर पर अधिशाषी अधिकारी सिकंदरादित्य ने बताया कि नगर पंचायत ऊंचाहार को जिले में प्रथम स्थान मिला है और यह सभी के सहयोग से संभव हो पाया है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में नगर पंचायत को और बेहतर रैंक दिलाने के लिए अभी से प्रयास जारी हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कृष्ण चंद्र जायसवाल, अरविन्द मौर्य समेत अन्य सभासद व कर्मचारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

नगर पंचायत ऊँचाहार की दो वर्षों की प्रमुख उपलब्धियाँ:

  1. दो अदद मिनी ट्यूबवेल का अधिष्ठापन।
  2. तीन मोबाइल शौचालय की व्यवस्था।
  3. एक ट्रैक्टर की खरीद।
  4. पेयजल हेतु एक स्टील टैंकर की आपूर्ति।
  5. एक स्प्रे टैंकर की व्यवस्था।
  6. नगर के प्रमुख स्थानों पर पाँच हाई मास्ट लाइट्स का अधिष्ठापन।
  7. दीवान तालाब का सौंदर्यीकरण कार्य।
  8. रेलवे स्टेशन रोड पर बड़े नाले का निर्माण।
  9. मोहल्ला मजहरगंज में रेलवे क्रॉसिंग से नगर सीमा तक सड़क व नाली निर्माण।
  10. बस स्टॉप सरस्वती नगर में इंटरलॉकिंग रोड व नाली निर्माण।
  11. पिपरहा रोड पर बड़े नाले का निर्माण।
  12. महादेवन स्थित प्राचीन शिव मंदिर का वंदन योजना में चयन और सौंदर्यीकरण प्रस्तावित।

नगर पंचायत ऊँचाहार की इस सफलता ने जनपद में नई मिसाल कायम की है और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य तय किया है।