मेरठ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ की महानगर / जिला कार्यकारिणी द्वारा आज दूसरे दिन भी दोपहर 3 बजे से जिला विद्यालय निरीक्षक (द्वितीय), मेरठ कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन संघ के जिलाध्यक्ष श्री संजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जबकि संचालन श्री शीश पाल सिंह, जिला मंत्री ने किया। संघ के मंडल प्रभारी मंत्री शशिकांत शर्मा ने बताया कि दिगंबर जैन गर्ल्स इंटर कॉलेज, सदर में वर्ष 2013 से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति नहीं की जा रही है। इसके विपरीत, मृतक आश्रित कोटे से सीधी भर्ती की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, मेरठ की मिलीभगत और भ्रष्टाचार का परिणाम है, जिसे संगठन किसी भी स्थिति में सहन नहीं करेगा। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि पदोन्नति के अलावा कर्मचारियों को एसीपी (वार्षिक करियर प्रगति योजना) का लाभ भी नहीं दिया जा रहा है। बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद जब समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया, तो संघ को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। धरना प्रदर्शन अनिश्चितकालीन रूप से प्रत्येक दिन दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक जारी रहेगा, जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होता। धरने में नीरज पंवार (प्रदेश अध्यक्ष), शशिकांत शर्मा, पंकज शर्मा, ऋषि पाल सिंह (प्रदेश उपाध्यक्ष), शीश पाल सिंह, भोला प्रसाद यादव, प्रवीण गुप्ता, महेन्द्र सिंह, गोपाल सिंह, अमित कुमार सहित अनेक शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
Home » मुख्य समाचार » उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ का मेरठ में धरना प्रदर्शन, मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू
Jansaamna