Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना द्वारा अज्ञात अस्थि कलशों का विधिवत पूजन, पितृपक्ष में होगा विसर्जन

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना द्वारा अज्ञात अस्थि कलशों का विधिवत पूजन, पितृपक्ष में होगा विसर्जन

कानपुर। जिन दिवंगत आत्माओं की मृत्यु अज्ञात रूप से हुई और जिनका कोई परिजन अंतिम संस्कार व अस्थि विसर्जन करने को मौजूद नहीं था, ऐसे सात अज्ञात अस्थि कलशों का शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने विधिवत पूजन कर एक प्रेरणादायक मानवीय पहल प्रस्तुत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की परंपरा में अज्ञात शवयात्रा को भी सम्मान देने का विधान है, ऐसे में इन अस्थियों का विधिपूर्वक पूजन व विसर्जन करना हमारा धर्म और कर्तव्य है। इस विशेष आयोजन का नेतृत्व युग दधीचि देहदान अभियान के प्रमुख मनोज सेंगर ने किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में विद्युत शवदाह गृह, भैरो घाट में अस्थि कलश बैंक की स्थापना की गई थी, जहां परिजन अस्थियों को अस्थायी रूप से रखकर बाद में विसर्जन हेतु ले जा सकते हैं। यह सेवा पूर्णतः नि:शुल्क है। प्रत्येक वर्ष कुछ कलश ऐसे होते हैं जिन्हें कोई लेने नहीं आता। ऐसे अज्ञात अस्थि कलशों का विसर्जन संस्था स्वयं करती है। संस्था की महासचिव माधवी सेंगर ने बताया कि अब तक 120 अज्ञात अस्थि कलशों का विसर्जन किया जा चुका है। आज जिन सात अस्थि कलशों का पूजन किया गया है, उनका विसर्जन आगामी पितृपक्ष में किया जाएगा। इस मौके पर दिवंगत आत्माओं की मोक्ष प्राप्ति हेतु महा मृत्युंजय यज्ञ का आयोजन भी किया गया। इस यज्ञ में पं. शेष नारायण त्रिवेदी (पप्पू भैया), पं. सुमित मिश्र, अनिल राय, शरद प्रकाश अग्रवाल, सुधीर महाना और अनिल गुजराल ने आहुतियाँ प्रदान कीं। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन मनोज सेंगर ने किया तथा आभार माधवी सेंगर ने व्यक्त किया। अतिथियों का स्वागत रविकांत तिवारी, प्रकाश धवन और शांति भूषण यादव ने किया, जबकि व्यवस्था प्रबंधन सीमा अग्रवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन वैदिक शांति पाठ के साथ हुआ।