Monday, April 27, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » किसानों की 1500 बीघा धान की फसल डूबी, जल निकासी न होने पर कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

किसानों की 1500 बीघा धान की फसल डूबी, जल निकासी न होने पर कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

फिरोजाबाद। जेडाझाल की पुलिया मछरियाई पर बनाई गई पक्की दीवार के कारण जल निकासी बंद हो गई है, जिससे आसपास के गांवों—कताना, जैतपुर देवा, नगला जगन्नाथ, सरवपुर आदि की लगभग 1500 से 1600 बीघा धान की फसल पूरी तरह जलमग्न हो गई है। इससे क्षेत्र के किसानों में भारी आक्रोश है। मौके की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव ने अपनी टीम के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और स्थिति का मौके पर मुआयना किया। उन्होंने सिंचाई विभाग के एसडीओ और जेई से तत्काल प्रभाव से जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की। रामनिवास यादव ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से इसी तरह की समस्या से किसान जूझ रहे हैं। हर वर्ष हजारों बीघा फसल जलभराव के कारण नष्ट हो रही है, लेकिन शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला। उन्होंने कहा कि देश का अन्नदाता किसान है, लेकिन उसकी आवाज को लगातार अनसुना किया जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही खेतों से पानी नहीं निकाला गया, तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर जोरदार आंदोलन करने को मजबूर होगी। इस मौके पर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी, हरविलास यादव, जिला महामंत्री शैलेन्द्र शुक्ला, अजय यादव, रायसिंह, राधाचरण, रवी प्रकाश, सुनील कुमार, रामकिशन, दिलीप कुमार, जिमीपाल, वीरेश कुमार, रामगोपाल, विशेष कुमार, निरंजन सिंह, रामनाथ, राकेश कुमार, रामवीर सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे। किसानों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि उनकी फसल और आजीविका को बचाया जा सके।