मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव 2025 को भव्य और सुव्यवस्थित रूप से मनाने हेतु गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री चौ. लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, महापौर विनोद अग्रवाल, विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, एमएलसी ओम प्रकाश सिंह, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार, परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह, उप जिलाधिकारी अभिनव जे. जैन, विभिन्न विभागों के अधिकारी, मंदिर प्रबंधक व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
भव्य कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार
मंत्री ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी दिनांक 16 अगस्त 2025 को पूरे भव्यता और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाई जाएगी। आयोजन के प्रमुख बिंदु इस प्रकार हैं:
- 5 मुख्य मंचों पर प्रस्तुतियां होंगी –
पांचजन्य प्रेक्षागृह, रसखान समाधि, परसौली चंद्र सरोवर, श्रीकृष्ण जन्मस्थान लीला मंच, और गीता शोध संस्थान वृंदावन। - 20 छोटे मंचों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे –
इनमें पोतरा कुण्ड, श्रीकृष्ण जन्मभूमि गेट-3, महाविद्या चौराहा, मसानी, डीग गेट, बीएसए कॉलेज, गोवर्धन, गोकुल, महावन, नंदगांव, इस्कॉन मंदिर आदि प्रमुख स्थल शामिल हैं। - 238 कलाकारों की 23 टीमों द्वारा प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट परफॉर्मेंस की जाएंगी।
- विश्राम घाट पर 5100 दीपों का दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा।
- 20 प्रमुख चौराहों और घाटों पर विद्युत सजावट एवं प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।
- मथुरा शहर के 17 प्रमुख स्थानों पर सेल्फी पॉइंट्स बनाए जाएंगे।
- ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा प्रमुख मंदिरों की विद्युत सजावट एवं रोशनी की जाएगी।
- 25 ग्रुपों के 325 कलाकारों द्वारा श्रीकृष्ण जन्मस्थान से शोभायात्रा निकाली जाएगी।
- 6 प्रमुख मार्गों पर भव्य प्रवेश द्वार स्थापित किए जाएंगे।
- राजकीय संग्रहालय में श्रीकृष्ण लीलाओं पर आधारित चित्रकला शिविर आयोजित होगा।
प्रशासन और विभागों को दिए विशेष निर्देश
मंत्री ने सभी विभागों को विशेष दिशा-निर्देश देते हुए कहा:
- स्वच्छता अभियान मंदिरों के आस-पास विशेष रूप से चलाया जाए।
- नगर निगम द्वारा अस्थायी टॉयलेट की व्यवस्था की जाएगी।
- लोक निर्माण विभाग, नगर निगम व मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण को मार्ग मरम्मत के निर्देश दिए गए।
- विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफॉर्मर बैरीकेडिंग, लटके तारों की मरम्मत के निर्देश दिए गए।
- चिकित्सा विभाग को आयोजन स्थलों पर एम्बुलेंस, मेडिकल स्टाफ, दवाएं व बेड रिजर्व रखने को कहा गया।
- वॉल पेंटिंग व सजावट के लिए जिलाधिकारी ने श्रीकृष्ण पर आधारित चित्रों से चौराहों व मार्गों को सजाने के निर्देश दिए।
- सूचना विभाग को प्रचार-प्रसार हेतु एलईडी वैन, होर्डिंग, स्टैंडी, प्रदर्शनी आदि आयोजन से एक सप्ताह पूर्व तैयार रखने के निर्देश दिए।
- पुलिस विभाग को कुंभ की तरह मजबूत सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
मंत्री चौधरी ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से आते हैं, इसलिए सभी विभाग मिलकर कार्य करें ताकि श्रद्धालुओं को अद्वितीय अनुभव प्राप्त हो और ब्रज की छवि विश्वपटल पर और निखरे।
Jansaamna