शिकोहाबाद। शनिवार को भाई-बहन के अटूट प्यार का बंधन रक्षाबंधन पर्व धूमधाम से मनाया गया। बहनें अपने घरों से भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधने के लिए निकलीं। जिससे नगर के मैनपुरी चौराहा, एटा चौराहा, सुभाष तिराहा और स्टेशन रोड पर बड़ी भीड़ देखने को मिली। वहीं घेवर और मिठाई खरीदने के लिए भी मिष्ठान भंडारों पर भीड़ लगी रही। इस दौरान रोडवेज विभाग द्वारा की गई व्यवस्थाएं छोटी दिखाई दीं। बसों के इंतजार में घंटों बहनों को सड़क पर खड़े होकर इंतजार करना पड़ा। वहीं डग्गेमार वाहन चालकों ने जमकर कमाई की। इस अवसर पर उन्होंने मुंहमांगे दाम वसूल किए और पांच के स्थान पर आठ सवारियों को बैठाकर चले। शनिवार को रक्षाबंधन का पर्व नगर में बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह चार बजे से ही दूर-दराज की बहनें अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए घरों से निकल पड़ीं। कुछ लोग अपने वाहनों से निकले तो ज्यादातर लोग रोडवेज और प्राइवेट वाहनों के सहारे ही थे। जो बहनें रोडवेज बस से निकलीं, उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लेकिन परेशानी उठाकर भी जो बहन समय से भाई के घर पहुंच गई, उसकी खुशी का ठिकाना नहीं था। भाइयों ने भी बहनों का खूब हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया और राखी बांधने के बाद उन्हें उपहार देकर विदा किया। इस दौरान जहां रोडवेज विभाग की तैयारियों की पोल खुली, वहीं प्राइवेट वाहन चालकों ने जमकर इसका लाभ उठाया। रोडवेज बसें खचाखच भरकर चलीं, वहीं चौराहों पर बस के इंतजार में सैकड़ों बहनें खड़ी रहीं। प्राइवेट वाहन चालकों ने उनकी इस मजबूरी का फायदा उठाकर मुंहमांगे दाम वसूल किए।
Jansaamna