Friday, July 17, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मुड़िया पूर्णिमा मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने रेलवे अधिकारियों के साथ की बैठक

मुड़िया पूर्णिमा मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने रेलवे अधिकारियों के साथ की बैठक

मथुरा। मुड़िया पूर्णिमा मेला (23 जुलाई से 30 जुलाई 2026) के सफल एवं सुचारु आयोजन को लेकर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में रेलवे विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के सुरक्षित चढ़ने और उतरने की सुविधा के लिए ट्रेनों के प्लेटफॉर्म पर ठहराव का समय बढ़ाया जाए। श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए ट्रेनों की संख्या बढ़ाने तथा यात्रियों के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने मथुरा जंक्शन एवं गोवर्धन रेलवे स्टेशन की आकर्षक साज-सज्जा कराने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्रवेश द्वारों को झालर एवं तिरंगा लाइटिंग से सजाया जाए। साथ ही स्टेशनों पर सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए जाएं तथा यात्रियों की सुविधा के लिए सभी एंट्री प्वाइंट पर होल्डिंग एरिया बनाए जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रियों का प्रवेश एवं निकास केवल निर्धारित स्थानों से कराया जाए तथा जगह-जगह दिशा-सूचक संकेतक लगाए जाएं। उन्होंने ऑटो, टेंपो और बसों के लिए पूर्व निर्धारित रूट तय करने तथा आवश्यक स्थानों पर वाहनों की एंट्री नियंत्रित करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमरेश कुमार, एसपी यातायात राजेश कुमार तिवारी, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा सहित रेलवे विभाग के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।