♦ ‘मिशन-2027’ को लेकर मंथन, शिक्षा और संगठन की मजबूती पर जोर
♦ सदर विधायक सरिता भदौरिया का भव्य स्वागत
इटावा। अखिल भारतीय कठेरिया समाज, जनपद इटावा के तत्वावधान में रविवार को शास्त्री चौराहा स्थित नारायण बैंकट हॉल में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। ‘मिशन-2027’ नाम से आयोजित कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर सामाजिक एकजुटता, शिक्षा, संगठन की मजबूती और समाज के हितों को लेकर मंथन किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सदर विधायक सरिता भदौरिया रहीं। इस दौरान विधायक का 51 किलो की माला, पगड़ी एवं तलवार भेंटकर भव्य स्वागत किया गया।
समारोह में पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कठेरिया समाज के प्रदेश अध्यक्ष महाराम कठेरिया ने की। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाज के लोगों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि समाज की तरक्की के लिए आपसी मतभेदों को दरकिनार कर एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। शिक्षा को सामाजिक विकास की आधारशिला बताते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने तथा युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया।
‘मिशन-2027’ को लेकर हुआ मंथन
सम्मान समारोह के दौरान ‘मिशन-2027’ के तहत समाज की आगामी भूमिका और संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि समाज को अपने अधिकारों, विकास और सम्मान के लिए संगठित एवं सकारात्मक दिशा में प्रयास करने की जरूरत है। सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने, युवाओं को आगे बढ़ाने तथा शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने का भी आह्वान किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, शिक्षा और संगठन में निहित होती है। यदि समाज संगठित होकर अपने बच्चों की शिक्षा और युवाओं के भविष्य पर ध्यान दे तो विकास की राह और मजबूत हो सकती है।
बड़ी संख्या में पहुंचे समाज के लोग
सम्मेलन में इटावा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से कठेरिया समाज के लोग पहुंचे। आयोजन स्थल पर पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम संयोजक श्यामवीर सिंह कठेरिया ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एक मंच पर लाने के साथ नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘मिशन-2027’ के माध्यम से सामाजिक एकजुटता और संगठन को मजबूत करने की दिशा में आगे भी लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम को लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी कमलेश कठेरिया, राम बाबू कठेरिया, भानु प्रताप, सुनील कठेरिया, विपिन कठेरिया, सचिन कठेरिया, शैलेन्द्र वर्मा, श्याम चौधरी सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
Jansaamna