Sunday, August 9, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बेटियों को एचपीवी का टीका लगवाएं, सर्वाइकल कैंसर से बचाएं: डीएम

बेटियों को एचपीवी का टीका लगवाएं, सर्वाइकल कैंसर से बचाएं: डीएम

♦ कानपुर में 41,073 किशोरियां अभी टीकाकरण से वंचित, 18,377 को लग चुका है निःशुल्क टीका
कानपुर नगर। सर्वाइकल कैंसर से बेटियों को बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के बीच जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने अभिभावकों से पात्र किशोरियों का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की है। रविवार को रावतपुर स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी ने टीकाकरण व्यवस्था का जायजा लिया और स्वास्थ्य अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जनपद में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन निःशुल्क लगाई जा रही है। अब तक 18,377 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है, जबकि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार 41,073 किशोरियां अभी टीके से वंचित हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में शामिल है। एचपीवी वैक्सीन भविष्य में इस कैंसर के जोखिम को कम करने का सुरक्षित एवं प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के साथ निर्धारित आयु में समय पर स्क्रीनिंग भी बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भ्रम, संकोच या अफवाह के चलते बेटियों को टीकाकरण से वंचित न रखें। शासन की ओर से पात्र किशोरियों को यह वैक्सीन पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर प्रत्येक पात्र किशोरी तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाई जाए।
⇒स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, टीकाकरण व्यवस्था तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सामान्य दिनों में कामकाज के कारण स्वास्थ्य केंद्र न पहुंच पाने वाले लोग रविवार को नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर अथवा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और उपलब्ध टीकाकरण सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रविवार को आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध सेवाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए।
⇒बुधवार और शनिवार नियमित टीकाकरण
अभियान के तहत प्रत्येक बुधवार और शनिवार को नियमित टीकाकरण सत्रों में एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। इसके अलावा प्रत्येक रविवार को विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। पात्र किशोरियों की पहचान के लिए आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा ड्यू लिस्ट तैयार की गई है। इसके आधार पर घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसपी यादव ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षित और प्रभावी उपाय है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि किसी अफवाह अथवा भ्रम पर ध्यान न दें और पात्र बेटियों का समय से निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं।
⇒41,073 किशोरियां अभी टीकाकरण से बाहर
जनपद में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 59,450 किशोरियों को एचपीवी टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें से अब तक 18,377 किशोरियों का टीकाकरण हुआ है। लक्ष्य के सापेक्ष 41,073 किशोरियां अभी टीकाकरण से वंचित हैं। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को अभियान तेज कर प्रत्येक पात्र किशोरी तक पहुंचने और अभिभावकों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं।
एचपीवी टीकाकरण एक नजर में
⇒कुल लक्ष्य: 59,450 किशोरियां
अब तक टीकाकरण: 18,377 किशोरियां
टीकाकरण के लिए शेष: 41,073 किशोरियां
पात्र आयु वर्ग: 14 से 15 वर्ष
शुल्कः पूरी तरह निःशुल्क
नियमित टीकाकरणः बुधवार एवं शनिवार
विशेष शिविरः प्रत्येक रविवार
संपर्क: आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अथवा निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केंद्र