Thursday, August 13, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जनपदवासी तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अवश्य अपलोड करें : जिलाधिकारी

जनपदवासी तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अवश्य अपलोड करें : जिलाधिकारी

फिरोजाबाद। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत संचालित ‘‘हर घर तिरंगा‘‘ अभियान के तहत विकास भवन परिसर में तिरंगा मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजकीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित तिरंगा झंडों का बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान हमारे राष्ट्रीय गौरव, अस्मिता और देश प्रेम का प्रतीक है। समूह की बहनें तिरंगा बनाने का सराहनीय कार्य कर रही हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी जनपदवासी तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी हर घर तिरंगा डॉट कॉम पर अवश्य अपलोड करें। हमारी प्राथमिकता है कि जनपद की प्रत्येक ग्राम पंचायत, नगर पंचायत, नगर पालिका एवं नगर निगम से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाए और हर नागरिक में राष्ट्रभक्ति व स्वावलंबन की भावना प्रबल हो। मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष असीजा ने बच्चों और युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भगत सिंह जैसे अनगिनत युवा मातृभूमि पर बलिदान हो गए। यहां के स्वतंत्रता सेनानी रामचंद्र पालीवाल ने स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने के साथ सामाजिक कल्याण के लिए पालीवाल हॉल, एमजी कॉलेज एवं तिलक इंटर कॉलेज हेतु भूमि दान दी। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों से संबंधित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए। जिसके माध्यम से आम जनता को योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान महानगर अध्यक्ष सतीश चंद्र दिवाकर, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, डीसीएनआरएलएम तूलिका श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।