Thursday, August 20, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » एक करोड़ रुपये की धनराशि से वार्ड 58 और 60 में होंगे विकास कार्य

एक करोड़ रुपये की धनराशि से वार्ड 58 और 60 में होंगे विकास कार्य

फिरोजाबाद। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 58 और 60 में विकास कार्यों को गति देते हुए बुधवार को 16 फुटा रोड पर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। महापौर कामिनी राठौर ने आकाशवाणी रोड, हबीबगंज स्थित गांधी जी की मार्केट के समीप विधि-विधान से भूमि पूजन कर निर्माण कार्य शुरू कराया। नगर निगम द्वारा करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि से सड़क निर्माण कराया जाएगा। वार्ड 58 और 60 में हबीबगंज स्थित गांधी जी के मकान से लेकर सलीम मिस्त्री और मलिक की चक्की होते हुए हाजी मुकीम के मकान तक सीसी सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। सड़क निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही लंबे समय से चली आ रही सड़क संबंधी समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। जनता को बेहतर सड़क, जल निकासी समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम लगातार प्रयासरत है। इस अवसर पर प्रमोद बघेल, सत्यवीर गुर्जर, प्राचीर गुप्ता, लायक सिंह शंखवार, भारत सिंह वर्मा, मुन्नी देवी, केके गांधी, रामबाबू झा, इंद्रपाल गुर्जर, केडी जाटव, भानु उपाध्याय, लाला राईन गांधी, क्षेत्रीय पार्षद नगमा बानो, अलकाव निजाम आदि मौजूद रहे।