फिरोजाबाद। एनएमओपीएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के आह्वान पर पुरानी पेंशन योजना की बहाली की मांग को लेकर शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर एकजुटता का संदेश दिया। इसका उद्देश्य सरकार का ध्यान पुरानी पेंशन योजना को पुनः बहाल करने की मांग की ओर आकर्षित करना रहा। संगठन के मंडल अध्यक्ष आगरा डॉ. राघवेंद्र सिंह ने कहा कि सरकारी कर्मचारी अपना पूरा जीवन देश और समाज के निर्माण में समर्पित करता है। ऐसे में सरकार को कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन योजना बहाल करनी चाहिए। जिला अध्यक्ष अटेवा धर्मेंद्र कुमार कृष्णज ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का अधिकार है। जब तक इसे बहाल नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। जिला महामंत्री डॉ. सहदेव सिंह चौहान ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पुरानी पेंशन जल्द बहाल करनी चाहिए।
कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष प्रेम प्रकाश कुशवाहा ने कहा कि पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे की लाठी है, इसलिए इसे अवश्य बहाल किया जाना चाहिए। संयुक्त परिषद के अध्यक्ष सुभाष यादव ने कहा कि विधायकों को कुछ ही समय की सेवा के बाद पेंशन का लाभ मिलता है, जबकि कर्मचारियों को इससे वंचित रखा जा रहा है। यह कर्मचारियों के साथ न्याय नहीं है। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के नेतृत्व में देशभर में चल रहा पुरानी पेंशन बहाली अभियान अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है। तिरंगा यात्रा में शामिल कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से अपनी मांगों को बुलंद किया। इस दौरान गौरी शंकर बिंद, जयकुमार सिंह, विकास यादव, शिवम उपाध्याय, चंदन यादव, अवधेश यादव, यतेंद्र यादव, कमल यादव, डॉ. वीएन सिंह, संजय सिंह, शैलेंद्र सिंह, करतार सिंह, सुभाष यादव, धर्वेंद्र सिंह, राधेश्याम यादव, मिथिलेश गोला, गीता गोलस, सारिका जैन सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे।
Jansaamna