फिरोजाबाद। किडनी रोगियों के लिए राहत की खबर है। अब डायलिसिस के लिए मरीजों और उनके परिजनों को बार-बार आगरा या दूसरे शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। शहर के नगला बरी चौराहे स्थित लक्ष्मी हॉस्पिटल में डायलिसिस की सुविधा शुरू कर दी गई है। सदर विधायक मनीष असीजा ने फीता काटकर डायलिसिस मशीन का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लक्ष्मी हॉस्पिटल में डायलिसिस की सुविधा शुरू होने से किडनी रोगियों को उपचार के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी किडनी विशेषज्ञ डॉ. रोहित गिरी मरीजों का उपचार करेंगे। उन्होंने इसे जनपद के लिए गौरव की बात बताया। विधायक ने कहा कि लक्ष्मी हॉस्पिटल आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध है। इसके तहत पात्र मरीजों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है। हॉस्पिटल के डायरेक्टर रोहित सिकरवार ने कहा कि मरीजों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और समय पर उपचार उपलब्ध कराना हॉस्पिटल की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से डायलिसिस की सुविधा शुरू की गई है।उन्होंने बताया कि पुष्पांजलि हॉस्पिटल, सुपर स्पेशियलिटी किडनी हॉस्पिटल के किडनी विशेषज्ञ डॉ. रोहित गिरी अब लक्ष्मी हॉस्पिटल में भी अपनी सेवाएं देंगे। इसके साथ ही मरीजों के लिए निःशुल्क किडनी परामर्श शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। रोहित सिकरवार ने बताया कि हॉस्पिटल में आयुष्मान भारत योजना, उत्तर प्रदेश सरकार के कर्मचारियों, विभिन्न टीपीए कैशलेस योजनाओं तथा निजी बीमा योजनाओं के तहत भी उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। डायलिसिस सुविधा शुरू होने से जिले के किडनी रोगियों को स्थानीय स्तर पर उपचार मिल सकेगा। इससे मरीजों और उनके परिजनों को दूसरे शहरों में जाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
Jansaamna