लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से ‘नवकल्पना-बीबीएयू फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड इंटरप्रेन्योरशिप’ के तहत फील्ड एवं एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय ‘इंटरप्रेन्योरशिप एवं स्टार्टअप’ रहा।
विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी), सांख्यिकी विभाग तथा सेंटर फॉर इनोवेशन, इन्क्यूबेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (सीआईआईई) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के निर्देशन में हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों को इन्क्यूबेशन यूनिट की कार्यप्रणाली, नवाचार एवं उद्यमिता की संभावनाओं और स्टार्टअप विकसित करने की प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
नवकल्पना के कंसल्टेंट प्रो. मनोज जोशी, आईआईसी-सीआईआईई के अध्यक्ष प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा तथा स्कूल ऑफ फिजिकल एंड डिसीजन साइंस के डीन प्रो. सुरिंदर कुमार ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। नवकल्पना की इन्क्यूबेटर मैनेजर मधुलिका ने विद्यार्थियों को इन्क्यूबेशन यूनिट के उद्देश्यों और उद्यमिता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचारी सोच विकसित करने, नए अवसरों की पहचान करने और अपने विचारों को संभावित स्टार्टअप में बदलने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. राहुल वार्ष्णेय ने कहा कि फील्ड विजिट से विद्यार्थियों को नवाचार, इन्क्यूबेशन और स्टार्टअप इकोसिस्टम की व्यावहारिक समझ मिली। विद्यार्थियों ने जाना कि इन्क्यूबेशन सुविधाएं नए विचारों को विकसित करने के साथ संभावित उद्यमियों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराने में किस प्रकार मदद करती हैं।
उन्होंने कहा कि इस गतिविधि से विद्यार्थियों में उद्यमिता के प्रति जागरूकता, रचनात्मक सोच, अवसर पहचानने की क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ा। साथ ही विद्यार्थियों को पारंपरिक करियर विकल्पों के साथ उद्यमिता को भी संभावित करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिला।
इस अवसर पर सांख्यिकी विभागाध्यक्ष प्रो. सुभाष कुमार यादव, प्रो. मधुलिका दुबे, डॉ. अमित कुमार मिश्रा, डॉ. मीनाक्षी मिश्रा, डॉ. प्रयास शर्मा सहित अन्य शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे।
Jansaamna