Friday, September 18, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » निर्वाचन आयोग ने तृणमूल कांग्रेस का नाम और चुनाव चिन्ह फ्रीज किया

निर्वाचन आयोग ने तृणमूल कांग्रेस का नाम और चुनाव चिन्ह फ्रीज किया

कविता पंत: नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार और पार्टी में दरार पड़ने के बाद तृणमूल कांग्रेस को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। निर्वाचन आयोग ने बंगाल में विधानसभा की दो सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में चल रहे चुनाव चिन्ह विवाद पर अपना अंतरिम आदेश जारी कर दिया है। आयोग ने तृणमूल कांग्रेस का नाम और चुनाव चिन्ह फ्रीज कर दिया है। निर्वाचन आयोग ने तृणमूल कांग्रेस में दो प्रतिद्वंद्वी गुटों को मान्यता दे दी है, जिसमें से एक का नेतृत्व ममता बनर्जी कर रही हैं और दूसरे का अरूप रॉय। आयोग इस विवाद पर बाद में अंतिम फैसला करेगा। अंतिम फैसले तक कोई भी गुट मौजूदा उपचुनावों में “ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस” नाम या “फूल और घास” चुनाव चिन्ह का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा।

दोनों गुटों को आयोग द्वारा आवंटन के लिए 18 सितंबर को सुबह 11 बजे तक तीन पसंदीदा नाम और तीन फ्री-सिंबल विकल्प जमा करने होंगे। निर्वाचन आयोग ने एक अंतरिम आदेश में तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुटों को पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के चुनाव चिन्ह और नाम का इस्तेमाल करने से रोक दिया है। निर्वाचन आयोग का यह फैसला नंदीग्राम और रेजीनगर में 6 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा उपचुनाव से पहले आया है, जहां दोनों गुट तृणमूल कांग्रेस की पहचान के तहत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे।

निर्वाचन आयोग का यह आदेश मई में विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद टीएमसी विधायक दल में शुरू हुए विद्रोह की पृष्ठभूमि में आया है, जो बाद में संसद तक फैल गया। जून में, 58 बागी विधायकों ने ममता खेमे के उम्मीदवार शोवनदेब चट्टोपाध्याय के स्थान पर निष्कासित नेता ऋतब्रता बनर्जी को विपक्ष का नेता चुना और विधानसभा अध्यक्ष से मान्यता प्राप्त कर ली, जो पार्टी के 28 साल के इतिहास में पहली बार विभाजन का प्रतीक है। पांच दिन बाद यह विद्रोह संसद तक पहुंच गया, जब वरिष्ठ नेता काकोली घोष दस्तीदार के नेतृत्व में 20 लोकसभा सांसदों ने कम ज्ञात नेशनलिस्ट सिटीजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में शामिल होकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को एक “अलग गुट” के रूप में समर्थन दे दिया, जिससे पार्टी के संसदीय दल में दरार और गहरी हो गई।

लोकसभा में विपक्ष के नेता कांग्रेस के राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल उपचुनाव के दौरान प्रतिद्वंद्वी तृणमूल कांग्रेस गुटों को पार्टी के नाम और “फूल और घास के चिन्ह” का इस्तेमाल न करने का निर्देश देने के निर्वाचन आयोग के फैसले की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि आयोग का संवैधानिक दायित्व जनादेश की रक्षा करना है, लेकिन इसके बजाय, यह उन ताकतों की मदद कर रहा है जो जनता के फैसले को पलटना चाहती हैं।

राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में कहा कि पहले शिवसेना, फिर एनसीपी और अब तृणमूल कांग्रेस। हर बार वही पैटर्न — भाजपा और निर्वाचन आयोग मिलकर किसी पार्टी को तोड़ने की साजिश रचते हैं। फिर उसका चुनाव चिन्ह छीन लिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब पूरी पार्टी ही चोरी हो सकती है, तो यह आश्चर्य की बात नहीं है कि करोड़ों भारतीयों के वोट भी चोरी हो सकते हैं। राहुल गांधी ने कहा, “वोट चोरी। सरकार चोरी। अब पार्टी चोरी — ये हमारे लोकतांत्रिक पतन के प्रतीक बन गए हैं।” उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ ममता बनर्जी की नहीं है। यह हर राजनीतिक दल, हर उस मतदाता की लड़ाई है जो स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव चाहता है।