Saturday, October 31, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » पांच औद्योगिक इकाइयों को वित्तीय प्रोत्साहन देने के प्रस्तावों को मंजूरी

पांच औद्योगिक इकाइयों को वित्तीय प्रोत्साहन देने के प्रस्तावों को मंजूरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से पांच औद्योगिक इकाइयों को वित्तीय प्रोत्साहन देने संबंधी प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई है। शुक्रवार को मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में आयोजित एम्पावर्ड कमेटी की बैठक में इन प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। उत्तर प्रदेश औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन नीति-2012 के तहत आयोजित बैठक में पांच औद्योगिक इकाइयों को निर्धारित अवधि के लिए वित्तीय प्रोत्साहन वितरित करने के प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। इनमें वरुण बेवरेजेज लिमिटेड, पसवारा पेपर्स लिमिटेड, सैमसंग इंडिया इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड, गैलेंट इस्पात लिमिटेड और एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड शामिल हैं। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन मिलने के साथ उद्योगों के विकास और रोजगार सृजन को गति मिलने की उम्मीद है। इन इकाइयों को नीति के प्रावधानों के अनुसार वित्तीय प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक में प्रमुख सचिव राज्य कर कामिनी रतन चौहान, प्रमुख सचिव एमएसएमई शशि भूषण लाल सुशील, इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय किरण आनंद, सचिव नियोजन डॉ. राजशेखर, विशेष सचिव न्याय मनमीत सूरी, विशेष सचिव एमएसएमई शिशिर तथा पिकप के प्रबंध निदेशक चंद्र विजय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।