फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने शुक्रवार को उपनिरीक्षक से निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए दो पुलिसकर्मियों के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दोनों नवपदोन्नत निरीक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नए पद की जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ करने के लिए प्रेरित किया। पदोन्नति पाने वालों में वीआईपी सेल में तैनात उपनिरीक्षक बृजकिशोर राय तथा थाना रामगढ़ में तैनात उपनिरीक्षक शेरपाल सिंह शामिल हैं। इस अवसर पर एसएसपी आदित्य लांग्हे ने कहा कि पदोन्नति किसी भी पुलिसकर्मी के सेवाकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धि होती है। यह उसके अनुभव, कार्यक्षमता और विभाग के प्रति समर्पण का परिचायक है। नए पद के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं, जिनका निर्वहन पूरी गंभीरता, निष्ठा और समर्पण के साथ किया जाना चाहिए। इस दौरान दोनों नवपदोन्नत निरीक्षकों ने एसएसपी के प्रति आभार व्यक्त किया।
Jansaamna