Saturday, October 31, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सरदार पटेल, इंदिरा गांधी और सुभद्रा जोशी को किया याद, लोकतंत्र व धर्मनिरपेक्षता पर दिया जोर

सरदार पटेल, इंदिरा गांधी और सुभद्रा जोशी को किया याद, लोकतंत्र व धर्मनिरपेक्षता पर दिया जोर

श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या और स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व सांसद सुभद्रा जोशी की 23वीं पुण्यतिथि पर जिला कांग्रेस कार्यालय सेठबाड़ा में श्रद्धांजलि गोष्ठी आयोजित की गई। अखिल भारतीय सांप्रदायिकता विरोधी समिति के तत्वावधान में हुई गोष्ठी में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों ने तीनों विभूतियों को याद करते हुए लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर अपने विचार रखे। गोष्ठी की अध्यक्षता का. शिवदत्त चतुर्वेदी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल, इंदिरा गांधी और सुभद्रा जोशी के चित्रों पर माल्यार्पण कर हुई। वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश चतुर्वेदी ने सुभद्रा जोशी से जुड़े कई संस्मरण सुनाए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने संविधान और मताधिकार की सुरक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने की बात कही। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के गफ्फार अब्बास एडवोकेट ने सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ एकजुटता पर जोर दिया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस लीगल सेल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय शर्मा एडवोकेट ने एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित रैली को महत्वपूर्ण बताते हुए इसे मोदी सरकार के पतन की प्रक्रिया की शुरुआत का दिन बताया। सीपीआई के प्रदेश सदस्य गफ्फार अब्बास एडवोकेट ने सामाजिक न्याय को लोकतंत्र की कसौटी बताया, जबकि वरिष्ठ कांग्रेसी कीर्ति कुमार कौशिक ने धर्मनिरपेक्ष और समाजवादी विचारधारा वाले लोगों की एकता पर जोर दिया। गोष्ठी में वक्ताओं ने एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित रैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील भी की। इस दौरान सेनानी संगठन के अध्यक्ष अशोक चतुर्वेदी कर्मवीर, महेश चौबे, सुशील सागर एडवोकेट, कुश कुमार सिंह एडवोकेट, अर्पित जादौन, एआईएसएफ के रवि शर्मा एडवोकेट, आशीष अग्रवाल, हरीशचंद्र सिकरवार एडवोकेट, पूरन सिंह, रमेश कश्यप, नीरज निषाद एडवोकेट, राकेश शर्मा, सुरेश शर्मा और राजेश धनगर सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन जिला कांग्रेस महामंत्री वैद्य मनोज गौड़ ने किया।