रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत शुक्रवार को वेबिनार और शिकायत निवारण शिविरों का आयोजन किया गया। इस दौरान 40 से अधिक फर्मों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं। प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक विनय कुमार पाठक के नेतृत्व में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर आयोजित वेबिनार में ठेकेदारों, ग्राहकों और विक्रेताओं की शिकायतें सुनी गईं। इस दौरान स्टोर विभाग से जुड़ी समस्याओं को लेकर प्रतिनिधियों ने अपनी बात रखी। विनय कुमार पाठक ने संबंधित शिकायतों का निस्तारण करने के साथ ही प्रतिभागियों को आवश्यक जानकारियां भी दीं। वेबिनार में मुख्य सतर्कता अधिकारी एवं वरिष्ठ उप महाप्रबंधक महेश सिंह सहित सामग्री प्रबंधन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक भवन स्थित संगोष्ठी कक्ष में भी शिकायत निवारण शिविर लगाया गया। वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी नीरज श्रीवास्तव ने कर्मचारियों की शिकायतें सुनीं। इसके अलावा कारखाना परिसर स्थित मिनी एडमिन में सहायक कार्मिक अधिकारी दीपक कुमार की ओर से भी शिविर आयोजित किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। गौरतलब है कि आरेडिका में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, ईमानदारी और सत्यनिष्ठा को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डीके सक्सेना ने दी।
Jansaamna