Thursday, November 19, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्य सचिव

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्य सचिव

लखनऊ। प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश की उच्च स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क परियोजनाओं के लिए पैसेंजर कार यूनिट (पीसीयू) के मानकों में शिथिलीकरण से संबंधित आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के 01 तथा लोक निर्माण विभाग के 24, कुल 25 प्रस्तावों को अनुमोदन प्रदान किया गया। अनुमोदित प्रस्तावों में प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बाईपास मार्गों के निर्माण, सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण तथा औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक्स इकाइयों तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने से संबंधित महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुमोदित सभी परियोजनाओं को निर्धारित तकनीकी एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तय समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी तथा परियोजनाओं की प्रगति की निरंतर समीक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए। साथ ही, परियोजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करते हुए निर्माण कार्य निर्धारित अवधि में संपन्न कराए जाएं।
मुख्य सचिव ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से आबादी वाले क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा, आवागमन अधिक सुगम बनेगा तथा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क व्यवस्था सुदृढ़ होगी। इसके अतिरिक्त औद्योगिक इकाइयों, लॉजिस्टिक्स केंद्रों, संस्थानों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों तक आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होने से आर्थिक एवं क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
बैठक में अनुमोदित प्रमुख परियोजनाओं में जनपद कानपुर नगर में गंगा बैराज की ओर प्रवेश के लिए अटल घाट के पीछे से नवीन फोरलेन मार्ग का निर्माण एवं कम्पनी बाग चौराहे तक चौड़ीकरण कार्य शामिल है, जिस पर ₹2,270.00 लाख की लागत आएगी। जनपद बांदा में बांदा बाईपास मार्ग (अन्य जिला मार्ग) के अवशेष भाग में 10.20 किलोमीटर लंबे चार लेन बाईपास का निर्माण ₹9,392.42 लाख की लागत से किया जाएगा। जनपद कुशीनगर में सिसवा-खड्डा मार्ग पर शिवाजी चौक से खड्डा थाना, तहसील एवं ब्लॉक होते हुए जखनिया मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण ₹980.56 लाख की लागत से कराया जाएगा। इसी प्रकार जनपद रामपुर में मुरादाबाद-टांडा-दड़ियाल (प्रमुख जिला मार्ग-65 डब्ल्यू) पर तहसील टांडा क्षेत्र में 6.50 किलोमीटर लंबे बाईपास मार्ग का निर्माण ₹6,610.69 लाख की लागत से प्रस्तावित है।
जनपद कन्नौज में पुराने जीटी मार्ग का 10.50 किलोमीटर लंबाई में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण ₹6,012.77 लाख की लागत से किया जाएगा। जनपद रायबरेली में खरोली-बाबूगंज-सूची मार्ग के विभिन्न खंडों में 6.540 किलोमीटर लंबाई में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य ₹5,151.43 लाख की लागत से कराया जाएगा। जनपद अयोध्या में उतरौला-फैजाबाद-इलाहाबाद मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-009) का 2.87 किलोमीटर लंबाई में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण ₹3,074.00 लाख की लागत से किया जाएगा। जनपद बदायूं में महिला पीएसी वाहिनी के आवासीय एवं अनावासीय भवनों के पहुंच मार्ग का 0.480 किलोमीटर लंबाई में नवनिर्माण ₹216.65 लाख की लागत से प्रस्तावित है।
जनपद गोरखपुर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पहुंच मार्ग हेतु 8 लेन तथा परिधीय मार्ग हेतु 4 लेन सड़क का 1.85 किलोमीटर लंबाई में निर्माण ₹10,373.82 लाख की लागत से कराया जाएगा। जनपद अलीगढ़ में विकसित औद्योगिक पार्क लोधा-जिरौली डोर वाया बुला कगढ़ी होते हुए एनएच-91 तक मार्ग के किलोमीटर 06-07 में फ्लेज पार्क तक पहुंच मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण ₹250.98 लाख की लागत से किया जाएगा। जनपद बुलंदशहर में खुर्जा-जेवर मार्ग (प्रमुख जिला मार्ग संख्या-70 डब्ल्यू) के चैनेज 7.100 से न्यू खुर्जा जंक्शन रेलवे सेक्शन, डीएफसीसीआईएल, क्योली कलां तक 6.25 किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण ₹7,838.49 लाख की लागत से प्रस्तावित है।
जनपद लखीमपुर खीरी में सीबीजी प्लांट के मैटेरियल गेट से हरिनगर ग्रंट (लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग-32) तक 2.90 किलोमीटर लंबाई में सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण ₹1,108.51 लाख की लागत से कराया जाएगा। जनपद संतकबीरनगर में बघौली-पिपरा बोरिंग मार्ग पर लगडाबार से बकची खास स्थित मरुभूमि मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड तक 0.90 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग का निर्माण ₹923.32 लाख की लागत से किया जाएगा। जनपद मीरजापुर में नारायणपुर-इमलिया चट्टी मार्ग से न्यू अहरौरा रेलवे स्टेशन तक 2 किलोमीटर लंबे दो लेन लिंक रोड का निर्माण ₹810.03 लाख की लागत से प्रस्तावित है। जनपद हाथरस में हाथरस-जलेसर मार्ग के किलोमीटर-11 से नए हाथरस स्टेशन तक 1.610 किलोमीटर लंबाई में सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण ₹551.36 लाख की लागत से किया जाएगा।
जनपद कानपुर में रमईपुर-कैंधा मार्ग के किलोमीटर-11 से रामपुर खास (डीएफसीसीआईएल) तक 2.70 किलोमीटर लंबाई में सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण ₹963.74 लाख की लागत से कराया जाएगा। जनपद फिरोजाबाद में मक्खनपुर होते हुए डीएफसीसीआईएल तक 1.10 किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण ₹727.80 लाख की लागत से किया जाएगा। जनपद फतेहपुर में पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड के सीबीजी प्लांट से चांदपुर-लहरीमऊ मार्ग तक 1.050 किलोमीटर लंबे पहुंच मार्ग का नवनिर्माण ₹233.22 लाख की लागत से प्रस्तावित है। जनपद प्रयागराज में बीपी रोड जमोहरा से नेचुरोपैथी सेंटर होते हुए लतीफपुर मार्ग का 6.25 किलोमीटर लंबाई में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण ₹884.09 लाख की लागत से कराया जाएगा।
इसके अतिरिक्त जनपद फतेहपुर में जीटी मार्ग से बीबी कोच फैक्ट्री तक 0.550 किलोमीटर लंबाई में सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण ₹105.01 लाख की लागत से तथा जीटी मार्ग से गोकुल फूड फैक्ट्री तक 0.350 किलोमीटर लंबे पहुंच मार्ग का निर्माण ₹56.00 लाख की लागत से किया जाएगा। जनपद फिरोजाबाद में नगला फतेह से होते हुए डीएफसीसीआईएल तक 1.20 किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण ₹502.21 लाख की लागत से प्रस्तावित है।
जनपद कानपुर देहात में रनिया (मयूर फैक्ट्री) से अलियापुर 1.300 किमी लम्बे मार्ग का निर्माण ₹831.37 लाख की लागत से कराया जाएगा। जनपद अमरोहा में अमरोहा काफूरपुर मार्ग से रजबपुर एनएच-09 (अ0जि0मा0) तक के 13.850 किमी लम्बे मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य ₹4667.01 लाख तथा जनपद अमेठी में जगदीशपुर जायस मार्ग चिटहुला गेट से बिल्लेश्वर धाम होते हुए दक्खिनवारा तक 2.250 किमी लम्बे मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य ₹481.45 लाख से कराया जाएगा।
बैठक में प्रमुख सचिव वन एम.पी.अग्रवाल, प्रमुख सचिव लोक निर्माण अजय चौहान, सचिव नियोजन डॉ0 राज शेखर सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।