-15 दिन में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो शिक्षक देंगे धरना
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक को 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने शिक्षकों के बकाया भुगतान, महंगाई भत्ता, बोनस, चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान सहित अन्य समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग उठाई।
जिलाध्यक्ष उमेश चंद्र यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि शिक्षकों को पिछला दो प्रतिशत व एक प्रतिशत महंगाई भत्ता तथा वर्ष 2016-17 का बोनस भुगतान कराया जाए। इसके अलावा वर्ष 2026 के दो प्रतिशत व तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते तथा चालू वर्ष का बोनस भी शीघ्र दिलाया जाए। मूल्यांकन वर्ष 2025 और 2026 के अवशेष पारिश्रमिक का भुगतान कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा लंबित चयन वेतनमान एवं प्रोन्नत वेतनमान लगाने, नवनियुक्त शिक्षकों को एफिडेविट के आधार पर वेतन भुगतान कराने तथा जनगणना-2027 में प्रगणक एवं सुपरवाइजर के रूप में लगाए जाने वाले शिक्षकों को सही दिशा-निर्देश देने की मांग की गई। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के अंदर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो शिक्षक संघ धरना देने के लिए बाध्य होगा। इस दौरान जिला कोषाध्यक्ष, जिला ऑडिटर एवं जिला मंत्री राजीव कुमार शर्मा सहित संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
Jansaamna