⇒अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
⇒खाद की उपलब्धता पर किसानों ने जताया संतोष
⇒उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश
⇒एकीकृत कृषि प्रणाली से विकसित होंगे मॉडल फार्म
⇒खेती के साथ मछली, मुर्गी और बतख पालन से बढ़ेगी आय
⇒सब्जियों के निःशुल्क बीज और उन्नत खेती की तकनीकों की दी गई जानकारी
कानपुर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों ने खेती-किसानी से जुड़ी समस्याएं रखने के साथ अपने अनुभव भी साझा किए। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया। शेष प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक तथा किसानों सहित 65 लोग उपस्थित रहे।
खाद की उपलब्धता पर किसानों से लिया फीडबैक
जिलाधिकारी ने किसानों से खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था के संबंध में सीधे जानकारी प्राप्त की। इस पर उपस्थित किसानों ने बताया कि वर्तमान में खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो रही है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
बैठक में एकीकृत कृषि प्रणाली के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने जनपद में विकसित किए जा रहे मॉडल फार्म की प्रगति की जानकारी ली। बताया गया कि इन मॉडल फार्म में खेती के साथ तालाब आधारित मछली पालन, मुर्गी पालन एवं बतख पालन जैसी गतिविधियों को शामिल किया जाएगा। इससे किसान एक ही स्थान पर कृषि एवं उससे जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने संबंधित अधिकारियों को उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा सहकारी समितियों एवं किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के माध्यम से वितरण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने विकसित किए जा रहे मॉडल फार्म का निरीक्षण कर उनकी प्रगति एवं व्यवस्थाओं का सत्यापन करने को भी कहा।
रबी फसलों की उन्नत खेती और पराली प्रबंधन पर दिया जोर
उप कृषि निदेशक डॉ. आर.एस. वर्मा ने बताया कि जनपद में प्रस्तावित मॉडल फार्म पर गठित समिति की देखरेख में खेती कराई जाएगी। उन्होंने गेहूं, राई, सरसों एवं दलहनी फसलों की उन्नत तकनीक से खेती करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। तिलहनी फसलों में आवश्यकता के अनुसार जिप्सम के प्रयोग से उत्पादन बढ़ाने की जानकारी भी दी गई। किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान बताते हुए फसल अवशेषों को खेत में ही सड़ाकर जैविक खाद के रूप में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। खाद की उपलब्धता अथवा वितरण से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए किसान जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के हेल्पडेस्क नंबर 6393775438 तथा सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारी समितियां कार्यालय के हेल्पडेस्क नंबर 9793183550 पर संपर्क कर सकते हैं।
सब्जियों के निःशुल्क बीज उपलब्ध, मचान विधि से खेती की सलाह
जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों को बताया कि विभाग के पास टमाटर, बैंगन, लौकी, तोरई एवं करेला के निःशुल्क बीज उपलब्ध हैं। किसानों को विशेष रूप से लतावर्गीय सब्जियों की मचान विधि से खेती करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने बताया कि नर्सरी तैयार करने में कठिनाई होने पर किसान अपने बीज कन्नौज स्थित हाईटेक नर्सरी में उपलब्ध करा सकते हैं, जहां एक रुपये प्रति पौध की दर से पौध तैयार कर उपलब्ध कराई जाती है।
बैठक के अंत में उप कृषि निदेशक डॉ. आर.एस. वर्मा ने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, कृषि वैज्ञानिकों, विभागीय अधिकारियों एवं उपस्थित किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Jansaamna