फिरोजाबाद। विकास भवन सभागार में किसान समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को निर्देशित किया कि जनपद में खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ बीज वितरण, फसलों की सिंचाई के लिए पानी तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर ज्वार, बाजरा एवं धान की खरीद की व्यवस्था प्रभावी ढंग से कराई जाए। उन्होंने किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत आलू, गेहूं एवं सरसों सहित रबी फसलों का बीमा कराने तथा खेतों में फसल अवशेष न जलाने की अपील की। उप कृषि निदेशक सत्येंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कृषि विभाग की योजनाओं, कृषि यंत्रों पर अनुदान, खाद-बीज, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड एवं खाद्यान्न खरीद का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना आवश्यक है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ पाने के लिए किसानों को ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, मिसिंग अपडेट एवं फार्मर रजिस्ट्री भी पूर्ण कराने की जानकारी दी। वरिष्ठ वैज्ञानिक पृथ्वी पाल सिंह ने लौकी, तोरई एवं कद्दू जैसी उद्यान वर्गीय फसलों में फल मक्खी की रोकथाम के उपाय बताए। इस अवसर पर एडीएम न्यायिक सीमा पांडेय, जिला उद्यान अधिकारी चंद्रप्रकाश अवस्थी सहित विद्युत, सिंचाई, कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता एवं अन्य विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न विकास खंडों के प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।
Jansaamna