⇒प्रेम बालिका इण्टर काॅलेज नौबस्ता में मेधावी छात्रा से हुई पक्षपात
⇒मेधावियों की लिस्ट से अपना नाम न देख छात्रा हुई मायूस
कानपुर, जन सामना संवाददाता। जिन टाॅपर्स पर स्कूल-काॅलेज वाले नाज़ करते है। काॅलेज फख्र से अपना विद्यार्थी बताकर समाज में नजीर पेश करते हैं। ऐसे में नौबस्ता के प्रेम बालिका इंटर काॅलेज में टाॅपर खुद पक्षपात की शिकार हुई है। ऐसा क्यों और कैसे हुआ? ये काॅलेज प्रशासन ही जानता है। छात्रा काॅलेज की टाॅपर है लेकिन काॅलेज की मेधावी छात्राओं की सूची से छात्रा का नाम व फोटो गायब है।
वरूण विहार बर्रा आठ निवासी श्याम सिंह की बेटी अश्विनी सिंह ने प्रेम बालिका इंटर कालेज में वर्ष 2016 की यूपी बोर्ड बारहवीं की परीक्षा में 447 अंक के साथ टाॅप किया है। बुधवार को अश्विनी किसी कार्यवश काॅलेज गई थी जहां काॅलेज की दीवाल पर लगे फ्लेक्स बैनर पर बारहवीं के मेधावियों की फोटो सहित टाॅपर का विवरण अंकित है। बैनर देख छात्रा अश्विनी चकित रह गई। छात्रा ने देखा कि उसका नाम मेधावियों की सूची में नहीं है। यह देख छात्रा मायूस हो गई और चिंताजनक भाव में घर पहुंच अपने परिजन को अवगत कराया।
Jansaamna
हाथरस, जन सामना संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आगामी 16,17 एवं 18 को सासनी के के.एल. जैन इण्टर काॅलेज के क्रीड़ा स्थल में लगने वाले ‘कमल मेला’ के प्रचार-प्रसार के लिए आज जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह परमार, मेले के जिला संयोजक गौरव आर्य एवं सह-जिला संयोजक डा. चन्द्रशेखर रावल ने जिले की तीनों विधानसभाओं में तीन अलग-अलग प्रचार रथ झण्डा दिखाकर रवाना किए। ये प्रचार रथ जिले की तीनों विधानसभाओं में मेले के समापन तक प्रचार करेंगे। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्री परमार ने बताया कि कमल मेला केन्द्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों के बारे में आम जनता विशेषकर युवाओं को अवगत कराना है तथा नोटबन्दी को लेकर विपक्षी राजनैतिक दलों द्वारा की जा रही अनर्गल बयानबाजी की हकीकत से रूबरू कराना है। श्री परमार ने क्षेत्र की समस्त जनता से अधिक से अधिक संख्या में मेले मे परिवार व बच्चों सहित पहुंचने की अपील की है।जिला संयोजक गौरव आर्य ने बताया कि मेले की सभी तैयारियां अपने अन्तिम चरण में हैं और हाथरस जिले का यह कमल मेला पूरे प्रदेश में मिसाल बने ऐसे हम सब मिलकर प्रयास कर रहे हैं।जिला महामंत्री एवं मेले के सह-जिला संयोजक डा. चन्द्रशेखर रावल ने मेले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मेले में मैजिक शो (जादू), पपेट शो (कठपुतली का खेल), निशाने बाजी, मेंहदी, सेल्फी विद श्री नरेन्द्र मोदी जी इत्यादि मनोरंजक व आकर्षक कार्यक्रमों के अतिरिक्त वर्चुअल रियलिटी जोन में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह से साक्षात मुलाकात जैसा रोमांचकारी अनुभव कर सकेंगे। इसके अलावा अनेक मौज-मस्ती भरे मनोरंजक खेलों का आयोजन प्रतिदिन किया जायेगा एवं विजेताओं को अनेक प्रकार के आकर्षक इनाम दिये जायेंगे।
हाथरस, जन सामना संवाददाता। जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने जिले में सभी छह कस्तूरबाॅ गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के नियमित निरीक्षण के लिये छह महिला अधिकारियों को नामित किया है। ज्ञातव्य है कि विगत दिनों कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, हाथरस की कुछ बालिकायें अचानक उल्टी एवं बुखार से पीड़ित हो गई थी जिनका उपचार बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय में कराया गया। जिलाधिकारी ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लेकर तत्काल प्रभाव से कस्तूरबाॅ गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के नियमित निरीक्षण के लिये महिला अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने के आदेश दिये हैं। नामित सभी महिला अधिकारी सप्ताह में न्यूनतम दो बार कस्तूरबाॅ गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों का निरीक्षण कर सीधे डीएम को रिपोर्ट उपलब्ध करायेंगी।