Friday, March 29, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » यमुना किनारे क्षेत्र के बूथो का डीएम ने लिया जायजा

यमुना किनारे क्षेत्र के बूथो का डीएम ने लिया जायजा

फिरोजाबाद। जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. ने मुख्य विकास अधिकारी नेहा जैन व अन्य अधिकारियों के साथ यमुना के किनारे स्थित क्षेत्र एवं उनमें आने वाले बूथों का भ्रमण कर क्षेत्र में व्यवस्थायें एवं कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कड़े निर्देश दिये कि चुनाव में गड़बड़ी फैलाने का प्रयास करने वालों को कतई बख्शा नहीं जायेगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये कि शस्त्र जमा कराकर शत-प्रतिशत सत्यापन अवश्य करा लें और यदि किसी के घर में अवैध रूप से शस्त्र मिलें, तो उस पर तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकद्मा दर्ज कराते हुए कड़ी कार्यवाही करें।
जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय रूपसपुर, प्राथमिक विद्यालय गुदाऊँ, पूर्व माध्यमिक विद्यालय गुदाऊँ, प्राथमिक विद्यालय वासुदेवपुर, प्राथमिक विद्यालय सुजातगढ़, पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुर्रीकूपा स्थित बूथों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने यमुना के किनारे बूथों पर दूसरी तरफ आगरा जनपद की सीमा से अनधिकृत रूप से आने वालों पर कड़ी नजर रखे जाने के निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त मतदान केन्द्रों के परिसर व आस-पास से पत्थर इत्यादि हटवाने के निर्देश तथा परिसर सहित आस-पास की सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त करने को कहा। जिलाधिकारी ने सभी बूथों पर पानी, विद्युत, पंखे, सीसीटीवी कैमरे द्वारा रिकाॅर्डिंग आदि की व्यवस्था की जाँच करने के निर्देश सम्बन्धित उप जिलाधिकारियों को दिये। पूर्व माध्यमिक विद्यालय गुदाऊँ की परित्यक्त इमारत को गिराये जाने हेतु कार्यवाही करने के निर्देश दिये। प्राथमिक विद्यालय सुजातगढ़ के पास से निकल रहे विद्युत के तारों को ठीक कराने के निर्देश अधिशासी अभियन्ता विद्युत को दिये। इसके अतिरिक्त प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की कम उपस्थिति पर नाराजगी जाहिर करते हुए उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने सभी बूथों पर एएसडी. वोटर की सूची अद्यतन करके चस्पा कराने के निर्देश भी दिये। भ्रमण के दौरान उप जिलाधिकारी शिकोहाबाद डा. सुरेश कुमार, उप जिलाधिकारी सदर राजेश कुमार वर्मा, डीपीआरओ गिरीश चन्द्र, अधिशासी अभियन्ता पीडब्लूडी. श्रीराज आदि मौजूद रहे।