➤ महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने दिलाई स्वच्छता की शपथ, बच्चों और रेलकर्मियों ने लिया हिस्सा
रायबरेली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) में स्वच्छता पखवाड़ा के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान स्वच्छता शपथ, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता रैली के माध्यम से स्वच्छता को जीवनशैली बनाने का संदेश दिया गया। आरेडिका शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने अधिकारियों, कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल के जवानों, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा कब-बुलबुल के बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने कार्यस्थल, घर और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इसके बाद महाप्रबंधक और अन्य अधिकारियों ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी याद किया गया। वक्ताओं ने गांधी के स्वच्छता, सत्य और अहिंसा के संदेश तथा शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपनाने की बात कही।
Jansaamna
रायबरेली। गांधी जयंती के अवसर पर प्रदेश सरकार के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने सुपर मार्केट स्थित खादी ग्रामोद्योग भवन पहुंचकर खादी वस्त्रों की खरीदारी की। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ खादी वस्त्र खरीदे और लोगों से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वदेशी, खादी और आत्मनिर्भरता को देश की आर्थिक एवं सामाजिक मजबूती का आधार माना था। खादी की खरीदारी स्थानीय कारीगरों, बुनकरों और इससे जुड़े लोगों के श्रम एवं कौशल को प्रोत्साहित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि देश में निर्मित वस्तुओं को अपनाने से स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
गोवर्धन, मथुरा। गांधी जयंती, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती और कल्याणम् करोति के 45वें स्थापना दिवस पर शुक्रवार को संस्थान परिसर में विजन थेरेपी क्लिनिक शुरू किया गया। संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि मथुरा में पहली बार इस तरह की सुविधा शुरू की गई है। क्लिनिक का शुभारंभ संस्था के महासचिव सुनील कुमार शर्मा, सहसचिव मूलचंद गर्ग, सह सचिव निरुपम भार्गव, डॉ. सुफियान दानिश, डॉ. अजय पाल, डॉ. आकांक्षा और डॉ. लवी मंगला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संस्था के महासचिव सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि विजन थेरेपी में आंखों और मस्तिष्क के बीच तालमेल बेहतर करने के लिए प्रशिक्षण आधारित अभ्यास कराए जाते हैं। इसमें विशेषज्ञ की निगरानी में आंखों की कसरत, विशेष उपकरणों और कंप्यूटर आधारित अभ्यास का सहारा लिया जाता है। इससे दोनों आंखों के समन्वय, फोकस और देखने की प्रक्रिया को बेहतर करने में मदद मिल सकती है।
आगरा। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत आगरा मंडल में 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान स्वच्छता शपथ, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली और पौधरोपण के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। गांधी जयंती के अवसर पर बुधवार को मंडल कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। आगरा मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, डिपो और कार्यालयों में भी स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। मंडल कार्यालय परिसर में सांस्कृतिक अकादमी की ओर से स्वच्छता पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने कूड़ा-कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने का संदेश दिया।
हाथरस। गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर सलामी दी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा की शपथ दिलाते हुए महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा तथा लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। एसपी ने कहा कि महात्मा गांधी का स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनका जीवन राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में एएसपी रामानंद कुशवाहा सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जनपद के सभी थानों एवं शाखाओं में भी जयंती के अवसर पर महापुरुषों की प्रतिमाओं एवं चित्रों पर माल्यार्पण कर पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
फिरोजाबाद। नगर के समीप यमुना की तलहटी में स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक तीर्थस्थल चंद्रवाड़ में दिगंबर जैन प्राचीन एकदिवसीय वार्षिक मेला महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। मुनि निर्भय सागर महाराज, मुनि अमित सागर महाराज, मुनि एकत्व सागर महाराज एवं आर्यिका गुरु मां विजयमती माता के पावन सानिध्य में आयोजित महोत्सव में सैकड़ों की संख्या में जैन धर्मावलंबियों ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मेला महोत्सव का शुभारंभ प्रातःकाल सेठ छदामीलाल जिनालय से हुआ, जहां दिगंबर जैन पाठशाला के बच्चों द्वारा भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। इसके बाद सेठ छदामीलाल जिनालय से ही श्रीजी की भव्य रथयात्रा का शुभारंभ हुआ। रथयात्रा की भव्यता देखते ही बन रही थी। जुलूस में सबसे आगे पंचरंगी जैन ध्वज लहराता हुआ चल रहा था। उसके पीछे दो सुसज्जित घोड़े और इटावा का प्रसिद्ध घोड़ा बैंड चल रहा था। रथयात्रा में तीन विशेष धार्मिक झांकियां शामिल की गईं, जो सभी के आकर्षण का केंद्र रहीं।
फिरोजाबाद। केंद्र सरकार द्वारा ऑनलाइन पेमेंट के लिए यूपीआई पर लगाए गए एमडीआर शुल्क के विरोध में फिरोजाबाद व्यापार मंडल ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष विरोध प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही व्यापारियों ने लगाए गए एमडीआर शुल्क को वापस लेने की मांग की। व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता एवं प्रांतीय अध्यक्ष मुकुंद बिहारी मिश्रा के आह्वान पर फिरोजाबाद व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रविंद्र लाल तिवारी एवं महानगर अध्यक्ष डॉ. सुनील अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने गांधी जी की प्रतिमा के समक्ष ऑनलाइन पेमेंट के लिए यूपीआई पर लगाए गए एमडीआर शुल्क का विरोध करते हुए सरकार के खिलाफ आक्रोश प्रकट किया। व्यापारियों ने केंद्र सरकार द्वारा मर्चेंट दुकानदारों पर 2,000 रुपये से अधिक के यूपीआई लेनदेन पर लगाए गए 0.4 प्रतिशत एमडीआर शुल्क को वापस लेने की मांग की। प्रांतीय उपाध्यक्ष कैलाश उपाध्याय ने कहा कि देश का व्यापारी इस देश की रीढ़ है, लेकिन सरकार व्यापारियों को ध्यान में रखकर योजनाएं नहीं बनाती है।
फिरोजाबाद। भारतीय जनता पार्टी महानगर द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों एवं राष्ट्रसेवा में दिए गए योगदान को स्मरण किया। भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा के संदेश को स्मरण किया। इसके पश्चात भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शास्त्री मार्केट पहुंचे, जहां पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव किया है। कांग्रेस ने प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह अजय राय की जगह लेंगी। सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद को प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को प्रदेश कांग्रेस कमेटी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा फरेंदा से विधायक चौधरी वीरेंद्र सिंह को कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं। आराधना मिश्रा ‘मोना’ वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी हैं। वह रामपुर खास सीट से लगातार तीन बार विधायक चुनी गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से पहले वह उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधायक दल की नेता थीं। नई नियुक्ति के बाद यह जिम्मेदारी चौधरी वीरेंद्र सिंह को दी गई है।
हाथरस। यूजीसी के नए नियमों के विरोध और उन्हें वापस लेने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानू के राष्ट्रीय सचिव ठाकुर राम जादौन के नेतृत्व में हसायन क्षेत्र से सैकड़ों लोग ट्रैक्टर, कार एवं अन्य वाहनों के काफिले के साथ जिला मुख्यालय के लिए रवाना हुए। रैली की सूचना मिलने पर पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग कर काफिले को रोकने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, कुछ ट्रैक्टर खेतों के रास्ते से आगे बढ़े, लेकिन पिछौती के आगे पुलिस ने काफिले को रोक दिया। इससे नाराज प्रदर्शनकारी सड़क पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस के साथ उनकी नोकझोंक भी हुई। सूचना पर एसडीएम एवं सीओ सिकंदराराऊ मौके पर पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारी उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में एडीएम एवं एएसपी ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से वार्ता की।