फिरोजाबाद, एस. के. चित्तौड़ी। एक टीवी चैनल के पत्रकार ने बहस के दौरान कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी पर अभद्र टिप्पणी के मामले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप तिवारी ने आॅनलाइन थाना उत्तर में तहरीर दी है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देश पर फिरोजाबाद जिलाध्यक्ष संदीप तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक निजी चैनल के पत्रकार के खिलाफ थाना उत्तर में तहरीर दी है। इस दौरान एआईसीसी सदस्य अतुल चतुर्वेदी, पूर्व जिलाध्यक्ष धर्म सिंह यादव एडवोकेट मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने ऑन लाइन मुकदमा दर्ज कराने को भी आवेदन किया है।
तीसरे आइसोलेशन वार्ड की हुई स्थापना
फिरोजाबाद, एस. के. चित्तौड़ी। सुहागनगरी में कोरोना पीड़ित मरीजो की तेजी से बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव बजीरपुर जेहलपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय आश्रय स्थल पर तीसरे आइसोलेशन वार्ड की स्थापना की गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.एसके दीक्षित ने बताया कि गांव बजीरपुर जेहलपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय आश्रय स्थल पर तीसरे आइसोलेशन वार्ड की स्थापना की गई है। नये आइसोलेशन वार्ड में 100 बेड उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा नए आइसोलेशन वार्ड में एक चिकित्सक के अलावा फार्मासिस्ट तथा 2 वार्ड बॉय तीन शिफ्टों में अपने कार्य को अंजाम देंगे। इसके साथ ही यहां सैंपल लेने की पूरी व्यवस्था की गई है। जिन्हें जांच के लिए सीधे सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा। साथ ही वार्ड में शौचालय तथा बाथरूम उपलब्ध है। जिनकी सफाई के लिए सफाई कर्मी तैनात किए गए हैं। वार्ड में व्यवस्थाओं के लिए एक एसीएमओ नोडल अधिकारी के रूप में तैनात किया है। जो हर व्यवस्थाओं पर अपनी नजर रखेंगे।
एफएस आयुर्वेदिक मेडीकल काॅलेज में बनाया गया क्वारंटाइन सेंटर
फिरोजाबाद, एस. के. चित्तौड़ी। जिला प्रशासन ने शिकोहाबाद स्थित एफएस आयुर्वेदिक मेडीकल काॅलेज को कोरोना-19 के संदिग्ध मरीजों को आइसोलेशन एवं क्वारंटीन हेतु अधिग्रहित किए जाने के निर्देश दिए हैं। वही 40 मरीजों को क्वारंटाइन किया गया।
फूलन सिंह जन कल्याण समिति द्वारा बालाजी मंदिर शिकोहाबाद स्थित एफएस काॅलेज को कोरोना-19 के संदिग्धों को क्वारंटीन कराने एवं कोरोना पार्जीटिव के आइशोलेसन हेतु अधिकत किया गया है। समिति पदाधिकारियों द्वारा लाॅक डाउन के कारण जरूरी सामान क्रय करने में असमर्थ व असहाय लोगों को जरूरी सामान उपलब्ध कराया गया।
रमजान की तैयारियां हुई शुरू, घरों की साफ-सफाई
टूंडला/फिरोजाबाद, जन सामना संवाददाता। मुस्लिम इलाकों में माह-ए-रमजान की तैयारियां शुरु हो गई हैं। इस बार कोरोना वैश्विक महामारी के चलते किए गए लॉकडाउन के कारण मुस्लिम समाज द्वारा नमाज और तरावीह की दुआ घरों में ही अदा की जाएगी।
माना जा रहा है कि संभवतः चांद 24 अप्रेल को दिख जाएगा तो 25 अप्रेल से रमजान का पहला रोजा रखा जाएगा। एक माह तक चलने वाले माह-ए-रमजान इस बार फीका-फीका रहेगा। मुस्लिम इलाकों में इस बार चहल-पहल भी नहीं दिखाई देगी और न ही मस्जिदों में भीड़ होगी। सभी कार्य व दुआएं घरों पर ही पूरे किए जाएंगे। हालांकि माह-ए-रमजान को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा घरों की साफ-सफाई से लेकर अन्य कार्यों को अंतिम रूप दिया जा हैं। महिलाएं सुबह से घर की साफ-सफाई में जुट रहीं हैं। वहीं समाज के लोगों को इस बार बाजार न खुलने के चलते जरूरत की चीजों का अभाव रहने का मलाल भी है। रचनापुरम निवासी शबनम ने बताया कि पहले तो फल और खजूर आदि पहले से ही मंगा कर रख लिए जाते थे, परंतु इस बार बाजार न खुलने से काफी परेशानी होगी। हालांकि प्रशासन ने घरों पर डिलीवरी की बात कही है तो शायद सामान मिल जाए। सायरा नाज ने बताया कि घर की साफ-सफाई की जा रही है, पर पहले जैसा उत्साह इस बार नजर नहीं आ रहा। लॉकडाउन के कारण कुछ भी ठीक से नहीं हो पाएगा।
कोरोना के चलते नहीं निकलेंगी भगवान परशुराम की शोभायात्रा
टूंडला/फिरोजाबाद, जन सामना संवाददाता। भगवान परशुराम की जयंती पर इस वर्ष शोभायात्रा नहीं निकाली जाएगी। समाज के लोगों से घरों की छतों पर दीपक जलाने और शंख व आरती उतारकर पूजा अर्चना करने की अपील की गई है।
भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति के संयोजक जितेन्द्र शर्मा ने कहा कि इस वर्ष 26 अप्रैल को भगवान परशुराम की जयंती है। कोरोना वायरस के चलते इस वर्ष समिति द्वारा शोभायात्रा न निकाले जाने का निर्णय लिया गया है। इसलिए प्रत्येक समाज के व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह घर में ही रहकर घंटा, शंख बजाकर भगवान परशुराम की आरती उतारें और रात्रि आठ बजकर 21 मिनट पर छतों पर दीपक अवश्य जलाएं। पूर्व अध्यक्ष अशोक सारस्वत ने कहा कि भगवान परशुराम हमारे आराध्य हैं। इसलिए हम सभी को उनका जन्मदिन घर में ही मनाना है। समिति के दीपक राजौरिया, सुनील गर्ग, सुनील दीक्षित, नीरज दीक्षित, तरूण शर्मा, अमित पाठक, योगेश शर्मा, मनीष शर्मा, विवेक शर्मा, त्रिलोकीनाथ आदि ने भी लोगों से घर पर रहकर भगवान की जयंती मनाने की अपील की है।
दो बाइकों की भिड़ंत में होमगार्ड घायल
फिरोजाबाद, एस. के. चित्तौड़ी। थाना खैरगढ़ क्षेत्र अन्तर्गत गुरूवार को दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत में एक होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। जहां उसका उपचार जारी है।
थाना जसराना के क्षेत्र मुस्ताबाद निवासी सुभाष (40) साल पुत्र रामेश्वर होमगार्ड में है। इन दिनों उनकी ड्यूटी खैरगढ़ में है। वह गुरुवार को मोटरसाइकिल पर सवार होकर ड्यूटी पर आ रहे थे। बताया जाता है कि तभी खैरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बेरनी के समीप अचानक सामने से तेज गति से आती मोटर साइकिल ने होमगार्ड की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में होमगार्ड गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। मौके पर ग्रामीण एकत्रित हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल होमगार्ड को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आयी। जहां उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है। घटना की जानकारी के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गये।
खेत पर पानी लगाने को लेकर विवाद फायरिंग, तीन घायल
फिरोजाबाद, एस. के. चित्तौड़ी। थाना रामगढ़ के गांव जरारी में खेत पर पानी लगाने को लेकर दो भाईयों के मध्य विवाद हो गया। एक भाई ने फायरिंग कर दी। जिसमें छर्रे लगने बालिका सहित तीन लोग घायल हो गये। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया है।
थाना रामगढ़ क्षेत्र के गांव जरारी निवासी हरीबाबू के पुत्र अमन और अंशुल में गुरूवार को खेत पर पानी लगाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद तूल पकड़ गया। आरोप है कि एक भाई ने फायरिंग कर दी। जिससे हड़कम्प मच गया। फायरिंग के दौरान छर्रे लगने से सोनाली (9) पुत्री मुन्नेश, मालती देवी (45) पत्नी पुरूषोत्तम व अंशुल पुत्र हरीबाबू घायल हो गये। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची थाना पुलिस आनन फानन में घायलों को जिला अस्पताल लेकर आयी। जहां उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस सम्बंध में थाना प्रभारी रामगढ़ ने बताया कि खेत पर पानी लगाने को लेकर अंषुल व अमन में विवाद हुआ था। जिमसें फायरिंग के दौरान छर्रे लगने से तीन लोग घायल हुये है। मामले की जांच कर कार्यवाही की जा रही है।
रमजान में घरों पर रहकर करें इबादत, प्रशासन ने की लोगों से अपील
मौलाना ने लोगों से की अपील घर में पढ़े नमाज
शिकोहाबाद/फिरोजाबाद, जन सामना संवाददाता। रमजान के पवित्र माह शुरू होने पर प्रशासन ने मुस्लिम समुदाय के लोगों से घर में ही नमाज पढने का अनुरोध किया है। सभी लोगों से घरों में रहने की हिदायत दी गई हैं जबकि मुस्लिम बाहुल्य इलाके में पहुंचकर प्रशासन ने धर्मगुरूओं से भी बात की।
गुरूवार को एसडीएम नरेन्द्र देव, सीओ इदुप्रभा, समाजसेवी अब्दुल वाहिद ने रूकनपुर में धर्मगुरूओं से मुलाकात कर मस्जिदों से अपील कराई कि रमजान के माह में लोग मस्जिद आने से बंचे और घरों पर ही नमाज पढे। कोरोना महामारी के चलते किसी को भी मस्जिद में नमाज पढने से रोक हैं क्योकि भीड के चलते क्षेत्र में कोरोना महामारी फैल सकती है। ऐसे में धर्मगुरूओं से भी अपेक्षा की जाती है कि वह समाज के लोगों को घरों में रहकर पवित्र रमजान मनाने की अपील करें। जिस पर मौलाओं हबीब अशरफ ने मस्जिद से अपील की कि सभी लोग रमजान में अपने घरों में ही कैद रहे घर पर ही नमाज पढे और सोशल डिस्टेसिंग का पालन करें। जिससे कोरोना महामारी को हराया जा सकता है। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही बडी संख्या में पुलिस बल तैनात था।
ट्रांसफार्मर में आग से क्षेत्र में सप्लाई हुई बंद
शिकोहाबाद/फिरोजाबाद, जन सामना संवाददाता। नगर के कटरामीरा स्थित हजीरों पर गुरूवार दोपहर को ट्रांस्फार्मर में भीषण आग लग गई। जिससे वहां रखे ट्रांस्फार्मर जलकर खाक हो गए। ट्रांस्फार्मर में आग से क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। लोगों की सूचना पर पहुंची दमकल विभाग के कर्मचारियों ने बडी मसक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गुरूवार को कटरामीरा स्थित हजीरों वाले ट्रांस्फार्मर में बिजली के सार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। ट्रांस्फार्मर से आग की ऊँची ऊँची लपटें उठने लगी। जिससे क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। घनी आवादी में आग से लोगों में भय व्याप्त हो गया। लोगों ने घटना की सूचना विद्युत विभाग के अधिकारियों को देकर सप्लाई को बंद कराया। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। लेकिन ट्रांस्फार्मर में आग से पूरा क्षेत्र की लाइट गुल हो गई। जिससे लोगों को भीषणगर्मी में भारी किल्लत का सामना करना पडा। विद्युत विभाग के कर्मचारी फुके हुए ट्रांस्फार्मर को बदलने का प्रयास कर रहे थे।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बघेल कॉलोनी में शुरू की जांच
शिकोहाबाद/फिरोजाबाद, जन सामना संवाददाता। नगर में स्वास्थ विभाग की टीम ने गुरूवार को घर-घर चैकिंग के लिए अभियान शुरू करने के लिए जा रही है। जिससे कोरोना वायरस से पीडित लोगों की पहचान हो सके। स्वास्थ विभाग की टीम डोर टू डोर जाकर लोगों का सर्वे करेगी। तथा स्वास्थ विभाग के पास प्रत्येक परिवार की एक सूची होगी। जिससे परिवार के लोगों की जांच की जा सके।
गुरूवार को स्वास्थ विभाग की टीम ने थाने पहुंचकर पुलिस से सुरक्षा देने की गुहार लगाई। स्वास्थ विभाग की टीम डोर टू डोर सभी लोगों की थर्मल स्केनिंग करेगी। स्वास्थ विभाग की टीम ने बघेल कॉलोनी के आसपास का तीन किमी एरिया को टारगेट करते हुए थर्मल स्केनिंग की जायेगी। स्वास्थ विभाग की टीम की सुरक्षा के लिए पुलिस के जवानों को भी तैनात किया गया है। स्वास्थ विभाग की टीम पहले तीन किमी एरिया की जांच के बाद उसका दायरा पांच किमी किया जायेगा। इस दौरान कई टीम घरों में जांच करेगी। एसडीएम नरेन्द्र देव ने बताया कि डा राजकुमार के नेतृत्व में हॉटस्पॉट एरिया में थर्मल स्केनिंग शुरू कर दी गई है। शहरी क्षेत्र में तीन किमी एरिया में जांच की जायेगी। जबकि ग्रामीण क्षेत्र की टीमें गांव में पहुंचकर जांच करेगी।