फिरोजाबाद। तिलक इंटर कॉलेज के कक्षा 12 के छात्र आयुष शर्मा ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर चंचल त्यागी का चित्र बनाकर उन्हें उनके कार्यालय में भेंट किया। यह चित्र आयुष द्वारा स्वयं हस्तनिर्मित था, जिसे देखकर अधिकारी अत्यंत प्रभावित हुए। इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता पंकज भारद्वाज ने बताया कि आयुष विज्ञान वर्ग का छात्र होने के बावजूद चित्रकला में गहरी रुचि रखता है और प्रारंभ से ही बेहद आकर्षक चित्र बनाता आ रहा है। सीओ सदर चंचल त्यागी ने छात्र आयुष को उसकी प्रतिभा के लिए बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा, “इस चित्र से मैं बेहद प्रभावित हूं। मुझे विश्वास है कि यह छात्र भविष्य में अपने विद्यालय और फिरोजाबाद का नाम रोशन करेगा।” आयुष शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन और आशीर्वाद को दिया। इस अवसर पर महिला शक्ति संस्था की मधुरिमा वशिष्ठ और सुनीता भारद्वाज ने भी चंचल त्यागी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत और सम्मान किया।
‘साइबर सुरक्षित भारत’ विषय पर आयोजित हुई चित्रकला व पेंटिंग प्रतियोगिता
शिकोहाबाद। यंग स्कॉलर्स अकादमी में शुक्रवार को ‘साइबर सुरक्षित भारत’ विषय पर आधारित राष्ट्रीय स्तर की चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें डिजिटल युग में सुरक्षित रहने के उपायों से अवगत कराना था। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने फिशिंग, पासवर्ड सुरक्षा, सोशल मीडिया फ्रॉड और डेटा चोरी जैसे ज्वलंत मुद्दों को अपनी कलाकृतियों में जीवंत रूप से प्रस्तुत किया। चित्रों के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि किस प्रकार तकनीक का सुरक्षित और सतर्क उपयोग कर साइबर अपराधों से बचा जा सकता है।
शिक्षक संघ ने मृतक शिक्षामित्र के परिजनों की आर्थिक मदद की
रोहनिया, रायबरेली। रोहनिया ब्लॉक क्षेत्र के अलीनगर असकरनपुर निवासी एवं प्राथमिक विद्यालय चकभीरा में कार्यरत शिक्षामित्र चंद्रावती का लगभग दस दिन पूर्व आकस्मिक निधन हो गया था। गुरुवार को शिक्षक संघ रोहनिया की ओर से खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सत्य प्रकाश यादव की अगुवाई में सभी शिक्षक मृतका के आवास पर पहुंचे। शिक्षक संघ के बैनर तले आयोजित इस शोक संवेदना कार्यक्रम में मृतका के परिजनों को 51,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। शिक्षकों ने दुख की इस घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
उपजा की कार्यकारिणी घोषित, संजय शर्मा बने जिला अध्यक्ष
हाथरस। उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (उपजा) की जनपद हाथरस इकाई की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। इस बार वरिष्ठ पत्रकार संजय शर्मा को सर्वसम्मति से जिला अध्यक्ष चुना गया है। उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। घोषित कार्यकारिणी में राजकुमार को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं संजय दीक्षित को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, और घनश्याम, सचिन चौधरी, अखिलेश वार्ष्णेय तथा मयंक वशिष्ठ को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, धर्मेंद्र चौधरी, दिनेश कुशवाह, आक्रोश वार्ष्णेय और सुमित भारद्वाज को मंत्री, धवन वशिष्ठ को कोषाध्यक्ष, दीन दयाल को प्रचार मंत्री और हनी को मीडिया प्रभारी बनाया गया है।
बीबीएयू के सावित्रीबाई फुले महिला छात्रावास में ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन
लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के सावित्रीबाई फुले महिला छात्रावास में 18 जुलाई को ‘वृक्षारोपण पखवाड़ा’ के अंतर्गत एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की खास बात रही ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल, जिसके तहत छात्राओं ने अपनी माताओं को समर्पित करते हुए पौधे रोपे। इस पर्यावरणीय एवं भावनात्मक पहल का आयोजन विश्वविद्यालय के बागवानी एवं सौंदर्यीकरण अनुभाग द्वारा किया गया, जो कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के मार्गदर्शन एवं अनुभाग अध्यक्ष प्रो. दीपा एच. द्विवेदी के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की डॉ. अनुराधा ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। छात्रावास की छात्राओं और शिक्षिकाओं ने मिलकर विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर छात्राओं ने पौधारोपण को पर्यावरण के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी के रूप में निभाया और साथ ही मातृत्व को सम्मान देने के इस प्रयास को सार्थक बनाया।
फर्जी जाति प्रमाण पत्र बनाकर सरकारी योजना का लाभ लेने के मामले में बड़ा अपडेट : जिलाधिकारी ने एसडीएम को सौंपी जांच
रायबरेली। शिकायतकर्ता ने फर्जी जाति प्रमाण पत्र बनाकर पशु शेड लेने व कम आय दिखाकर सबसे गरीबी राशन कार्ड बनवाने के क्रम में नियमानुसार कार्यवाही करने हेतु एक शिकायती पत्र जिलाधिकारी हर्षिता माथुर समेत संबंधित विभाग को भी भेजा है। जिसमें अब जिलाधिकारी ने पत्र को संज्ञान में लेकर इसकी जांच उप जिलाधिकारी ऊंचाहार को सौंपी है। शिकायती पत्र में शिकायतकर्ता ने शिकायत से संबंधित साक्ष्यों के दस्तावेज, शपथ पत्र सहित संलग्न किए हैं। आरोप है कि रत्नेश पुत्र राम दुलारे निवासी कमालपुर के द्वारा दिनांक 30/01/2025 को फर्जी दस्तावेज़ के सहारे समाज कल्याण विभाग व चुनाव आयोग को गुमराह किया गया है, जिसकी जांच अभी तक नहीं हुई सिर्फ खाना पूर्ति की गई। शिकायतकर्ता ने कहा कि अब शायद यह जांच लोकायुक्त अथवा मा. उच्च न्यायालय व सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर होगी।
आरेडिका के राजभाषा विभाग द्वारा विभिन्न प्रतियोगिता का आयोजन
रायबरेली। आरेडिका में राजभाषा विभाग के तत्वावधान तथा मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रमेश चन्द के नेतृत्व में तीन दिवसीय राजभाषा प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में आरेडिका के कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में हिंदी निबंध लेखन, हिंदी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन तथा हिंदी वाक् प्रतियोगिताएं शामिल की गयी। यह आयोजन रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कार्मिकों के नाम राजभाषा विभाग, रेलवे बोर्ड द्वारा अखिल रेल स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता के लिए अनुशंसित किए जाएगें। राजभाषा अधिकारी राकेश रंजन ने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
खुर्रमपुर मोड़ से निकला कांवड़ियों का जत्था, कोतवाल और चौकी प्रभारी ने फूल माला पहनाकर किया विदा
ऊंचाहार, रायबरेली। शुक्रवार को खुर्रमपुर मोड़ स्थित हनुमान मंदिर से हरिद्वार के लिए कांवड़ियों का एक भव्य जत्था रवाना हुआ। इस जत्थे में खुर्रमपुर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में युवा और वृद्ध शिवभक्त शामिल हुए। श्रद्धालु बस और ट्रेन से हरिद्वार पहुंचकर गंगाजल भरेंगे और फिर पैदल यात्रा करते हुए नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर लौटेंगे। जत्थे को रवाना करने के लिए हनुमान मंदिर परिसर में एक भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कोतवाली प्रभारी संजय कुमार और चौकी प्रभारी वागीश मिश्रा ने सभी कांवड़ियों को फूल माला पहनाकर विदा किया। कोतवाल ने कांवड़ियों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की और सभी को सुरक्षित यात्रा तथा सफल जलाभिषेक की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर पूरा वातावरण “बोल बम” के जयघोषों से गूंज उठा और भक्तिमय दृश्य देखने को मिला।
तीज प्रदर्शनी में महिलाओं ने की जमकर खरीददारी
फिरोजाबाद। तीज के खास अवसर पर जायंट्स ग्रुप ऑफ फिरोजाबाद महिला शक्ति द्वारा फिरोजाबाद क्लब में तीज प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जमकर खरीददारी की। प्रदर्शनी का उद्घाटन महापौर कामिनी राठौर ने दीप प्रज्वलन और फीता काटकर किया। इस अवसर पर जायंट्स के केंद्रीय समिति सदस्य शिवराज सिंह, विशिष्ट समिति सदस्य उषा यादव और उपाध्यक्ष विपिन मित्तल भी मौजूद रहे। महापौर ने प्रदर्शनी का महिला शक्ति की पदाधिकारियों के साथ अवलोकन किया, जिसमें हर वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वस्तुएं उपलब्ध थीं। संस्था अध्यक्ष प्राची अग्रवाल ने बताया कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य केवल व्यापार नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा है। स्टॉल बुकिंग से होने वाला लाभ असहाय बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य, निर्धन कन्याओं के विवाह, दिव्यांगों और वृद्धजनों की सेवा जैसे कार्यों में उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही कुछ स्टॉल जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से निःशुल्क दिए गए।
नवजीवन सोसायटी के रक्तदान शिविर में 50 से अधिक युवाओं ने किया रक्तदान
फिरोजाबाद। नवजीवन सोसायटी द्वारा गुरुवार को ग्लोबल चैरिटेबल ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 50 से अधिक युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज सेवा में अपना योगदान दिया। शिविर में युवाओं ने न केवल रक्तदान किया, बल्कि यह संकल्प भी लिया कि वे अब हर चार महीने में नियमित रूप से रक्तदान करेंगे ताकि थैलेसीमिया पीड़ितों और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। रक्तदान शिविर में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की भागीदारी रही।
Jansaamna