महंगाई में पिसते कर्मचारी, राहत में नहाते सांसद: 2% बनाम 24% का गणित!
सरकार ने जहां सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में मात्र 2% की वृद्धि की, वहीं सांसदों के भत्तों और वेतन में 24% की बढ़ोतरी कर दी। यह विरोधाभास कर्मचारियों और जनता में नाराजगी पैदा कर रहा है। कर्मचारियों के लिए 2% DA वृद्धि ऊंट के मुंह में जीरा समान। सांसदों को पहले से ही कई सुविधाएँ मिलती हैं, फिर भी वेतन में बड़ी बढ़ोतरी। सरकार जब आम जनता की राहत की बात आती है, तो “बजट की कमी” बताती है, लेकिन सांसदों के लिए खजाना खुला रहता है।
देश में महंगाई की मार लगातार बढ़ रही है। सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं, पेट्रोल-डीजल की कीमतें जेब हल्की कर रही हैं और आम आदमी सोच रहा है कि “अगली सैलरी आएगी तो कौन-कौन से खर्चे टालने पड़ेंगे?” लेकिन इस बीच सरकार ने दो अलग-अलग वर्गों के लिए दो अलग-अलग राहत पैकेज जारी कर दिए— सरकारी कर्मचारियों के लिए महज 2% महंगाई भत्ता (DA) बढ़ाया गया। सांसदों के भत्तों और वेतन में 24% की बढ़ोतरी की गई।
पत्रकार समाज व सरकार का आईना होता है: डॉ. सुरेश चंद्र दक्ष
फिरोजाबाद। ग्रामीण पत्रकार एशोसिएशन द्वारा आर.एस. फार्म हाउस नगला खार रोड उसायनी पर होली मिलन, सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से आयोजन में रंग और उल्लास भर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. सुरेश चंद्र दक्ष (राष्ट्रीय अध्यक्ष, गौ रक्षा दल) और डॉ. प्रेम शर्मा द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।
मुख्य अतिथि डॉ. सुरेश चंद्र दक्ष ने अपने संबोधन में कहा, “हमें गायों की सेवा करनी चाहिए, और पत्रकार समाज और सरकार का आईना होते हैं। यदि पत्रकार नहीं होंगे, तो देश में सरकार और प्रशासन निरंकुश हो जाएगा।”
उप जिलाधिकारी अनुराधा सिंह ने कहा, “पत्रकारों के माध्यम से ही हम लोगों की समस्याओं की जानकारी प्राप्त कर पाते हैं और समस्याओं का समाधान भी कर पाते हैं।”
बजरंग दल ने फूंका सपा प्रमुख अखिलेश यादव का पुतला
फिरोजाबाद। गौ माता पर समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा दिए गए बयान की कड़ी निंदा करते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रविवार को अखिलेश यादव की अर्थी निकाली और कोटल चुंगी चौराहे पर उनका पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की और विरोध प्रदर्शन किया।
बजरंग दल के जिलाध्यक्ष मोहन बजरंगी ने कहा कि अखिलेश यादव ने गौशाला से दुर्गंध आने की बात कहकर गौ माता का अपमान किया है, जिससे उनकी भावनाएं आहत हुईं हैं। इसी कारण बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध करने के लिए उनकी अर्थी निकाली और पुतला दहन किया। पदाधिकारियों ने इस विरोध प्रदर्शन के दौरान जोरदार नारेबाजी की और अखिलेश यादव के बयान की कड़ी निंदा की।
1220 स्वयंसेवकों ने निकाला पथसंचलन
फिरोजाबाद। हिंदू नववर्ष अर्थात वर्ष प्रतिपदा के अवसर पर रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की ओर से चंद्रनगर महानगर में भव्य पथ संचलन आयोजित किया गया। इस पथ संचलन में 1220 स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और गाजे-बाजे के साथ पूरे गणवेश में इस आयोजन को सफल बनाया। इस दौरान स्वयंसेवकों का जगह-जगह स्वागत किया गया, जहां स्थानीय निवासियों ने उन पर पुष्प वर्षा की।
पथ संचलन के मार्ग को खास तौर पर सजाया गया था। मार्ग के दोनों किनारों पर केशरिया ध्वज और आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं, जो इसे और भी भव्य बना रही थीं।
सड़कों पर नमाज अदा करने के विरोध को चिराग पासवान ने बताया बेकार
राजीव रंजन नाग: नई दिल्ली। सड़कों पर नमाज अदा करने वाले मुसलमानों के खिलाफ हो रहे विरोध को खारिज करते हुए केंद्रीय मंत्री और भाजपा के सहयोगी चिराग पासवान ने इसे “बेकार विषय” करार दिया। उन्होंने कहा कि देश में कई अन्य बड़े मुद्दे हैं, जिन पर चर्चा की जरूरत है, और यह विषय पूरी तरह से निरर्थक है।
एक टीवी कार्यक्रम में जब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता से पूछा गया कि सड़कों पर नमाज अदा करने के विरोध पर उनका क्या कहना है, तो उन्होंने कहा, “यह बेकार की बात है। इस पर चर्चा ही नहीं होनी चाहिए, यह निरर्थक है। देश में कई बड़े मुद्दे हैं जिन पर हमें चर्चा करने की जरूरत है। समस्या यह है कि जब हम इन अप्रासंगिक विषयों पर बात करना शुरू करते हैं, तो समाज और देश में तनाव का माहौल पैदा होता है। बिना किसी कारण के समुदायों और लोगों के बीच दरार पैदा होती है।”
वसंतीय नवरात्रि महापर्व के पहले दिन गंगा स्नान और कलश स्थापना का आयोजन
ऊंचाहार, रायबरेली। वसंतीय नवरात्रि महापर्व के पहले दिन गोकर्ण तीर्थ स्थित गोकना घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया और घरों तथा मंदिरों में नवदुर्गा कलश स्थापना की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने माता रानी के जयकारे लगाते हुए गंगा जल से मंदिरों में अभिषेक किया। साथ ही, मां शैलपुत्री के रूप में नवरात्र की शुरुआत हुई।
गोकना घाट पर आयोजित मेले में श्रद्धालुओं ने खरीदारी की और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। मां गंगा गोकर्ण जन कल्याण सेवा समिति के सचिव पंडित जितेंद्र द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर 10,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। उन्होंने यह भी बताया कि आज के दिन प्रभु श्रीराम, महाराज युधिष्ठिर और सम्राट विक्रमादित्य का राज्य अभिषेक भी हुआ था। इसी दिन को हिंदू नव वर्ष के रूप में भी मनाया जाता है।
नवसंवत्सर की मंगलकामनाओं के साथ नववर्ष मेला का हुआ समापन
मथुरा। नववर्ष मेला समिति के तत्वावधान में सेठ बी०एन० पोद्दार इंटर कॉलेज में आयोजित 24वें विशाल नववर्ष मेला के नववर्ष समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री राधावल्लभ संप्रदाय के प्रधान पीठाधिपति तिलकायत अधिकारी गोस्वामी श्रीहित मोहित मराल जी महाराज ने नवसंवत्सर की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री कृष्ण ने धर्म की रक्षा के लिए ब्रजभूमि में जन्म लिया था। हमें भी आज से यह प्रण लेना होगा कि हम हिंदू तिथि के अनुसार अपना जन्म दिवस और सालगिरह मनाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर हमें अपने घरों पर पीला ध्वज फहराना चाहिए, कलश और स्वास्तिक बनाकर इस दिन को त्योहार की तरह मनाना चाहिए।
भगवान परशुराम की विशाल शोभायात्रा निकाली
हाथरस। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा नव संवत्सर रविवार को विप्र कुल शिरोमणि भगवान परशुराम की विशाल एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा शहर में निकाली गई। इस अवसर पर भगवान परशुराम के रथ को फूलों और रंगीन लाइटों से सुसज्जित किया गया था, जिससे शोभायात्रा को और भी भव्यता प्राप्त हुई।
शोभायात्रा के शुभारंभ से पहले विप्र बंधुओं का स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें हजारों विप्र बंधुओं को सम्मानित किया गया। इसके बाद शोभायात्रा में जनपद भर से विप्र बंधुओं ने भाग लिया और भगवान परशुराम के जयकारे लगाए।
स्कूल, कॉलेज, मंदिर सहित भीड़भाड़ इलाकों से शराब का ठेका दूर करने की उठ रही आवाज, चौहान गुट ने सौंपा ज्ञापन
रायबरेली। यूपी में 31 मार्च के पूर्व शराब ठेका का नवीनीकरण के बाद अब नए ठेकेदार शराब ठेका खोलने के लिए कुछ पुराने व नई दुकानों के चयन कर रहे हैं। जिसके बाद स्कूल, कॉलेज, मंदिर सहित भीड़भाड़ इलाकों से ठेका दूर करने की लोगों की आवाजें उठती दिखाई दे रही है। प्रदेश मीडिया प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर के नई गल्ला मंडी हनुमान मंदिर निकट नवीनीकरण के बाद शराब का ठेका खुलने से आसपास के व्यापारी आक्रोशित हैं। जिसको लेकर प्रदेश अध्यक्ष जीसी सिंह चौहान के नेतृत्व में चौहान गुट के दर्जनों व्यापारियों के साथ जिलाध्यक्ष मो उमर ने डीएम कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा है।
घर डेकोरेशन सामग्री प्रतियोगिता में रीता ने मारी बाजी
फिरोजाबाद। दाऊदयाल महिला महाविद्यालय में गृह विज्ञान विभाग द्वारा घर को डेकोरेशन करने के सामान बनाने की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें 40 छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन गृह विज्ञान विभाग की डॉ नूतन राजपाल, नीतू सिंह एवं शिखा यादव के कुशल नेतृत्व में घर को सुंदरता प्रदान करने हेतु कलात्मक फूलदान, पेरदान, फोटो फ्र्रेम, बंदनवार एवं अन्य सामग्री बनाने की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें सभी छात्रों ने अपनी अद्भुत कला कौशल का प्रदर्शन किया। नीर क्षीर विवेकी निर्णायक मंडल में प्रो विनीता गुप्ता, प्रो विनीता यादव एवं शालिनी ने सर्वसम्मति से निर्णय देकर कार्यक्रम को सफल आयाम प्रदान किया।