कानपुर: अवनीश सिंह। शहर का वार्ड 51 पिछले कई दिनों से चर्चा में है, यहां पर बीजेपी के दो गुटों में चल रही खींचातानी को लेकर वर्तमान भाजपा पार्षद और पूर्व भाजपा पार्षद प्रत्याशी आमने सामने ताल ठोंकते नजर आ रहे हैं।
पूरा वाकया वार्ड 51 के बर्रा 2 नई बस्ती का है जहां विकास कार्य को लेकर पिछले कई दिनों से भाजपा पार्षद सुधीर यादव और पूर्व भाजपा पार्षद प्रत्याशी अजय शर्मा के बीच राजनैतिक जंग जारी है, पूर्व भाजपा पार्षद प्रत्याशी अजय शर्मा ने जानकारी दी कि वार्ड 51 के बर्रा 2 नई बस्ती में वर्तमान भाजपा पार्षद सुधीर यादव बनी हुई सड़क को तोड़कर विकास कार्य करा रहे थे जिसका विरोध उनके और स्थानीय नागरिकों द्वारा किया गया और नगर निगम के अधिकारियों से भी इसकी शिकायत की गई, जिस पर नगर निगम द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए काम बंद कराया गया, और काम कर रही संस्था शिवा कंस्ट्रक्शन पर जुर्माना भी लगाया गया।
वहीं वार्ड 51 के पार्षद सुधीर यादव से जब इस बाबत पूछा गया तो उन्होंने जानकारी दी कि स्थानीय लोग जलभराव की समस्या को लेकर उनके पास शिकायत को लेकर आए थे जिसको लेकर उनके द्वारा सड़क किनारे इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जा रहा था जिसकी जानकारी नगर आयुक्त को दी गई थी, क्षेत्र में चल रहे विकास कार्य का विरोध लगातार अजय शर्मा गुट द्वारा किया जा रहा है।लगातार काम रुकवाने की कोशिश की जा रही है,वर्तमान में नगर निगम के हस्तक्षेप के चलते काम बंद है।
नोडल अधिकारी ने सेवा, सुरक्षा व सुशासन के 8 वर्ष पूरे होने पर की समीक्षा बैठक
रायबरेली। जनपद के नोडल अधिकारी व प्रमुख सचिव (परिवहन, समाज कल्याण एवं सैनिक कल्याण) एल. वेंकटेश्वर लू की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट के बचत भवन सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। यह बैठक उत्तर प्रदेश सरकार की सेवा, सुरक्षा व सुशासन नीति के आठ वर्ष पूरे होने के अवसर पर जिले में प्रस्तावित कार्यक्रमों के सफल आयोजन को लेकर हुई।
बैठक में नोडल अधिकारी को प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी गई। कार्यक्रम 25, 26 और 27 मार्च को सभी ब्लॉक, तहसील और जनपद मुख्यालय के सामुदायिक केंद्र रतापुर में आयोजित होंगे। त्रिदिवसीय मेले का उद्घाटन प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और चेक वितरित किए जाएंगे।
डीएम-एसपी ने थाना दिवस पर सुनीं जनता की शिकायतें
रायबरेली। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने शनिवार को थाना लालगंज में आयोजित थाना दिवस के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर राजस्व विवाद, आपसी रंजिश, महिला उत्पीड़न सहित विभिन्न शिकायतें उनके समक्ष प्रस्तुत की गईं। जिलाधिकारी ने थानाध्यक्ष और राजस्व अधिकारियों को इन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि यदि किसी मामले में जांच की आवश्यकता हो तो उसे अवश्य पूरा किया जाए, लेकिन समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि जांच निष्पक्ष, निर्भीक, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए। दोषियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने राजस्व से जुड़े प्रकरणों के निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित करने का आदेश दिया।
दिव्यांगजनों को मिले कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण
रायबरेली। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से संचालित कृत्रिम अंग सहायक उपकरण योजना के तहत रायबरेली के विकास खंड ऊँचाहार परिसर में एक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ऊँचाहार विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने चिन्हित पात्र दिव्यांगजनों को कुल 112 सहायक उपकरण वितरित किए। इनमें ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी और स्मार्टकेन शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन नोडल परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, सतीश चंद्र मिश्रा ने किया। इस दौरान जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी मोहन त्रिपाठी, उपायुक्त (स्वतः रोजगार), खंड विकास अधिकारी ऊँचाहार कामरान नेमानी, खंड विकास अधिकारी दीनशाहगौरा, रोहनियां सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सरकार की दिव्यांग कल्याण योजनाओं पर प्रकाश डाला और लाभार्थियों को इनके बारे में जानकारी दी।
उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने किया धरने को समर्थन
चकिया, चन्दौली। नगर पंचायत चकिया में जल और गृह के बढ़ने वाले टैक्स के विरोध में गुरुवार से गांधीपार्क में जन संघर्ष समिति का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। शनिवार को धरना स्थल पर पहुंच कर उ०प्र०उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने अपना समर्थन दिया।
उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि नगर पंचायत चाहता तो बढ़े हुए टैक्स को रोक देता लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। उन्होंने ऐलान किया कि टैक्स बढ़ोतरी नहीं रूकी तो व्यापारी भी सड़कों पर उतरेगा।बताया जा रहा है कि धरना बारह दिनों का है और आगे कोर कमेटी के निर्णय पर इसको अलग आयाम दिया जा सकता है। शनिवार का धरना श्यामा देवी और शिव प्रसाद सिंह के नेतृत्व में दिन के 10 बजे से सांय 4 बजे तक चला। इस बावत समिति का कहना है कि जब तक टैक्स के मामलों में नगर के लोगों को राहत नहीं मिल जाती तब तक इसका विरोध किया जाएगा।
बता दें कि लगभग एक महीने पहले जन संघर्ष समिति के लोगों ने गांधी पार्क में एक सभा कर बढ़ाए जाने वाले टैक्स का विरोध किया था और जुलूस के रूप में एकत्रित होकर नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया था।
अखिल भारतीय रेलवे महिला हॉकी प्रतियोगिता की शुरूआत
रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना में दिनांक 22 मार्च से 28 मार्च तक 45वीं अखिल भारतीय रेलवे महिला हॉकी प्रतियोगिता 2025 का आयोजन पूरे उत्साह के साथ हो रहा है। जिसमें रेलवे जोन, प्रोडक्शन यूनिटों एवं रेलवे बोर्ड सहित कुल 9 टीमों के खिलाड़ी तथा ऑब्जर्बर, टेक्निकल ऑफिशियल, एथलेटिक फेडरेशन एवं रेलवे बोर्ड स्पोर्टस प्रमोशन बोर्ड के पदाधिकारी सहित कुल 210 लोग शामिल होंगे। इसमें बहुत से खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर चुके हैं।
महाप्रबंधक प्रशान्त कुमार मिश्रा ने सभी खिलाड़ियो को शुभकामानाएं दी। प्रतियोगिता के प्रथम दिन पहली पाली में 2 मैच खेले गये। प्रथम मैच दक्षिण पूर्व रेलवे कोलकाता एवं उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मध्य हुआ जिसमें दोनो टीमें 2-2 गोल के साथ बराबरी पर रही, द्वितीय मैच पश्चिम रेलवे मुम्बई तथा पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर, के मध्य खेला गया। जिसमें पश्चिम रेलवे मुम्बई 5-0 से विजित रही।
आरेडिका खेल-कूद संघ के अध्यक्ष एवं प्रधान वित सलाहकार बीएल मीना ने बताया कि आगुन्तक खिलाड़ियों, कोचों, टेक्नीकल ऑफिशियल और रेलवे बोर्ड के अधिकारियों के लिए आरेडिका के खेलकूद संघ द्वारा रहने-खाने की उचित व्यवस्था की गयी है।
जल संरक्षण पर दिया जोर
ऊंचाहार, रायबरेली। विश्व जल दिवस के शुभ अवसर पर गोकना घाट पर जल संरक्षण की चर्चा करते हुए मां गंगा गोकर्ण जन कल्याण सेवा समिति के मुख्य संरक्षक रतिपाल शुक्ला की अध्यक्षता में विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित सभी लोगों ने जल बचाने, जल को संरक्षण करने का संकल्प लिया। समिति के सचिव जितेन्द्र कुमार द्विवेदी ने कहा बृहद अभियान चलाकर जिले में जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
समरथ को नहीं दोष गोसाईं
गोस्वामी तुलसीदास ने रामायण के बालकाण्ड में यह चौपाई लिखी थी।
सुभ अरु असुर सलिल सब बहई।
सुरसरि कोउ अपुनीत न कहई।।
समरथ कहुँ नहीं दोष गोसाईं।
रवि पावक सुरसरि को नाईं।।
अर्थात, गंगा जी का जल निर्मल है, इसमें शुभ और अशुभ सभी जल बहता है, पर कोई उन्हें अपवित्र नहीं कह सकता। सूर्य, अग्नि और गंगा जी की भांति समर्थ को कोई दोष नहीं लगता।
गोस्वामी तुलसीदास ने भले ही यह चौपाई 500 वर्ष पूर्व लिखी हो, किन्तु आज भी शब्दशरू लागू होती है। आज भी समाज में ऐसे समर्थ और सक्षम हैं, जिनकी मनमानी पर भी समाज अपनी आंख मूंद लेना बेहतर समझता है। दबंग बदमाशों से लेकर नेता तक इसी श्रेणी में आते हैं। एक श्रेणी और भी है, कानून प्रदत्त शक्तियों का दुरूपयोग करने वाली श्रेणी। अदालतें स्वयं समय – समय पर इस बारे में चिंता जता चुकी हैं। तमाम उदाहरण आ चुके हैं कि किस तरह से चुनिंदा लोग कानून का दुरूपयोग करते हैं।
ऐसे ही कानून प्रदत्त शक्तियों का दुरूपयोग करने का उदाहरण है महिलाओं द्वारा कमाने में सक्षम एवं समर्थ होने के बावजूद अलग होने पर पति से गुजारा भत्ता मांगना। यदि कानून की नज़र में महिला पुरुष में कोई भेदभाव नहीं है तो गुजारा भत्ता देने की जिम्मेदारी पति की ही क्यों होनी चाहिए? क्या अदालत ने कभी ऐसा फैसला सुनाया है, जिसमें सक्षम पत्नी को आदेश दिया गया हो कि वह अपने पति को गुजारा भत्ता दे? इसके विपरीत, पति को गुजारा भत्ता देने के लिए मजदूरी करने की सलाह भी अदालतें दे चुकी हैं। यह कहाँ का न्याय हुआ?
ऐसे ही एक केस की सुनवाई करते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय ने कहा कि कमाने की क्षमता रखने वाली योग्य महिलाओं को अपने पतियों से अंतरिम गुजारा भत्ता की मांग नहीं करनी चाहिए।
मामला यह था कि एक महिला ने अलग होने के बाद अपने पति से अंतरिम भरण पोषण की मांग की थी, जिसे निचली अदालत ने खारिज कर दिया था। उसने इसे उच्च न्यायालय में चुनौती दी।
छत्रपति शिवाजी महाराज राष्ट्रीय एकता पुरस्कार से नवाजे गये राजेश विक्रांत
मुंबई। देश के जाने माने लेखक व व्यंग्यकार राजेश विक्रांत को महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय जीवन गौरव सम्मान छत्रपति शिवाजी महाराज राष्ट्रीय एकता पुरस्कार से मंगलवार को बांद्रा पश्चिम के रंग शारदा आडिटोरियम में सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने उन्हें अकादमी के कार्याध्यक्ष डॉ एस पी दुबे, उपाध्यक्ष मंजू लोढ़ा, आर टी आई एक्टिविस्ट अनिल गलगली, साहित्यकार डॉ सुधाकर मिश्र, वरिष्ठ पत्रकार विमल मिश्र तथा पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री की उपस्थिति में इस पुरस्कार के तहत स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र व एक लाख रुपए की नकद राशि देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत सचिन निंबालकर, सह निदेशक व सदस्य सचिव अकादमी ने किया। संचालन आनंद सिंह व प्रसाद काथे ने किया।
बता दें कि विविध विषयों पर देशभर की 50 से अधिक पत्र-पत्रिकाओं में अब तक विक्रांत के 15,000 से भी ज्यादा लेख प्रकाशित हो चुके हैं। व्यंग्य संग्रह:बतरस’ के लिए महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी द्वारा आचार्य रामचंद्र शुक्ल व्यंग्य पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
उद्यमियों ने जमकर खेली होली, भजनों और गीतों ने बांधा समां
कानपुर। शहर में होली का उत्साह अभी भी बरकरार है। होली के दिन से लेकर अब तक जगह-जगह होली मिलन समारोह और मेले आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार को दादा नगर औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित होली मेले में उद्यमियों ने जमकर होली खेली। भजन संध्या में गायकों की शानदार प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
दादा नगर कोऑपरेटिव स्टेट में आयोजित इस होली मेले में शहर के उद्यमियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में व्यवसायी और आम लोग शामिल हुए। कोऑपरेटिव स्टेट के चेयरमैन विजय कपूर और भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक अजय कपूर ने सभी आगंतुकों का चंदन का टीका लगाकर स्वागत किया। विजय कपूर ने उद्यमियों और लोगों के साथ फूलों की होली खेली और हर्बल गुलाल लगाकर गले मिलते हुए होली की शुभकामनाएं दीं।
भजन और संगीत ने बांधा समां
गीत-संगीत और भजन संध्या में गायकों ने एक से बढ़कर एक भजनों और गीतों की प्रस्तुति दी, जिसने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। शहर के प्रतिष्ठित बैंड ‘द रॉक’ ने शानदार गीत-संगीत पेश किया, जिस पर युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग भी झूम उठे।