फिरोजाबाद। वार्ड नंबर 29 स्थित बघेल कॉलोनी और प्रकाश नगर में गली निर्माण की मांग को लेकर गुरुवार को क्षेत्रीय लोगों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने बंबा बाईपास पर पहुंचकर जाम लगा दिया। महिलाओं ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लंबे समय से बदहाल गलियों का निर्माण कराने की मांग की। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि उनकी गलियां वर्षों से बदहाल हैं। जगह-जगह गड्ढे होने के साथ जलभराव की समस्या भी बनी रहती है। बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
एनटीपीसी ऊँचाहार में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया विश्वकर्मा दिवस
रायबरेली। एनटीपीसी ऊँचाहार परियोजना में शुक्रवार को विश्वकर्मा दिवस पूरे विधि-विधान और उल्लास के साथ मनाया गया। परियोजना प्रमुख विश्व मोहन सिंह ने स्वयं भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर महाप्रबंधक (संचालन एवं अनुरक्षण) दिलीप कुमार साहू भी विशेष रूप से मौजूद रहे। पूजा में परियोजना के विभिन्न विभागों के अध्यक्षों ने भी शिरकत की। देखते ही देखते यह आयोजन पूरे परिसर में फैल गया, जब सभी विभागों में एक साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा शुरू हो गई। मशीनों और औजारों को फूल-मालाओं से सजाया गया और कर्मचारियों ने अपने कार्यस्थलों पर ही पूजा-अर्चना की।
आरेडिका में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया विश्वकर्मा पूजन
रायबरेली। आरेडिका में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा की पूजा विधि-विधान के साथ हर्षोल्लास भरे माहौल में संपन्न हुई। महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने सभी प्रधान मुख्य विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ-कनिष्ठ अधिकारियों तथा कर्मचारी प्रतिनिधि यूनियनों और एसोसिएशनों के साथ मिलकर पूजा-अर्चना की और कारखाने की उन्नति, विकास एवं सुरक्षा की कामना की। इस दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों ने हवन में आहुतियां देकर विश्व शांति और कल्याण के लिए प्रार्थना की। पूजा कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी भी खास रही। आरेडिका महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष कंचना रामन ने संगठन की अन्य सदस्यों के साथ भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा की। कारखाने के विभिन्न विभागों में कर्मचारियों ने सुबह से ही अपने-अपने कार्यस्थलों की साफ-सफाई कर भगवान विश्वकर्मा की तस्वीर को माला-फूलों से सजाया और औजारों तथा मशीनों की पूजा की। दिनभर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
सुहागनगरी में धूमधाम से निकली भगवान विश्वकर्मा की भव्य शोभायात्रा
फिरोजाबाद। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर भगवान विश्वकर्मा एवं मैथिल कोकिल कवि विद्यापति की भव्य शोभायात्रा गुरुवार को गाजे-बाजे के साथ राधाकृष्ण मंदिर से निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियों और बैंडों की धार्मिक धुनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा का शुभारंभ सदर विधायक मनीष असीजा ने फीता काटकर एवं हरी झंडी दिखाकर किया। महापौर कामिनी राठौर, भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर, शोभायात्रा अध्यक्ष रामबाबू झा, संरक्षक भगवान सिंह झा और सेठ राम अवतार झा ने भगवान विश्वकर्मा की आरती उतारी, जिसके बाद शोभायात्रा रवाना हुई। शोभायात्रा राधाकृष्ण मंदिर से प्रारंभ होकर घंटाघर, सेंट्रल चौराहा, बर्फखाना चौराहा, पुराना डाकखाना और रामलीला चौराहा होते हुए कोटला रोड स्थित ब्लू हैबिन मैरिज होम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बहरूपिया कलाकार की मौत
फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर क्षेत्र के जहांगीरपुर गेलरई निवासी 27 वर्षीय बाबू नागर की सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार रात राजपुर से पैदल घर लौटते समय किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गुरुवार सुबह घायल अवस्था में मिलने के बाद पुलिस और परिजन उसे उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बाबू नागर पुत्र रमेश शादी-विवाह समारोहों में बहरूपिया का भेष बनाकर लोगों का मनोरंजन करता था। इसी के माध्यम से भिक्षा मांगकर वह अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार, बुधवार रात वह राजपुर से पैदल घर लौट रहा था। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गुरुवार सुबह करीब सात बजे वह घायल अवस्था में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजन उसे सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे।
Read More »भव्य शुभारंभ के साथ दाऊजी मेले में उमड़ा आस्था और संस्कृति का रंग
हाथरस। ब्रज क्षेत्र की आस्था, लोक संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत के प्रतीक 115वें एवं तृतीय प्रांतीय लक्खी मेला दाऊजी महाराज-2026 का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री तथा जनपद की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ दाऊजी मंदिर पहुंचकर दाऊ बाबा और रेवती मैया के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया गया। बीएलएस इंटर कॉलेज की छात्राओं ने ब्रज गीत और लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर ब्रज की लोक संस्कृति की मनोहारी झलक प्रस्तुत की।
मथुरा की तरंग भार्गव ने अमेरिका में जीता Miss Femina USA Global 2026 का खिताब
मथुरा। मथुरा की बेटी तरंग भार्गव ने अमेरिका में आयोजित Miss Femina USA Beauty Pageant में Miss Femina USA Global 2026 का खिताब जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। वॉशिंगटन राज्य के सिएटल में आयोजित प्रतियोगिता में तरंग ने अपनी मंचीय प्रस्तुति, प्रतिभा और व्यक्तित्व के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। तरंग भार्गव योगेश भार्गव और सरिता भार्गव की बेटी हैं। वह वर्तमान में सिएटल में रहती हैं और Senior Software Engineer के रूप में कार्यरत हैं। तकनीकी क्षेत्र में पेशेवर करियर के साथ ही वह मॉडलिंग, डांस, स्टैंड-अप कॉमेडी और एंकरिंग जैसे रचनात्मक क्षेत्रों में भी सक्रिय हैं।
ग्राहक मिलन के साथ स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
कानपुर। बर्रा स्थित केनरा बैंक की शास्त्री चौक शाखा में ग्राहक मिलन कार्यक्रम के साथ नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। इसमें बैंक के ग्राहकों, स्थानीय नागरिकों और शाखा कर्मचारियों ने भाग लिया। शिविर का आयोजन धन्वंतरी हॉस्पिटल के सहयोग से किया गया। शिविर में धन्वंतरी हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की। टीम में अंशुल त्रिपाठी, जीतू गुप्ता, दीप्ति, रिशु, श्वेता और चांदनी समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने उपस्थित लोगों की ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर (ग्लूकोज) और BMI की जांच की। इसके साथ ही सामान्य स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया। इस अवसर पर शाखा के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक संतोष सिंह तोमर ने कहा कि बैंक वित्तीय सेवाओं के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को भी महत्व देता है।
भविष्य निधि में वेतन की अधिकतम सीमा 25,000 रुपये प्रति माह की गई
कविता पंत: नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने कर्मचारियों की दीर्घकालिक बचत के लिए अनिवार्य अंशदान की वेतन सीमा को 15,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये कर दिया है। इसके साथ ही, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) में 51 लाख से अधिक कर्मचारियों के जुड़ने की उम्मीद है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज संवाददाताओं को बताया कि 15,000 रुपये से 25,000 रुपये के वेतन वर्ग में आने वाले लोगों को इस बदलाव से लाभ होगा और वे अब संशोधित पीएफ नियमों के दायरे में आएंगे। इस उपाय पर सरकार का अनुमानित वार्षिक व्यय 11,339 करोड़ रुपये आएगा। उन्होंने कहा कि यह लंबे समय से चली आ रही मांग थी और प्रधानमंत्री ने आज कैबिनेट की बैठक में इसे मंजूरी दे दी।
दोस्त की जिंदगी से मिली ‘सयोनी’ की सान्वी बनने की प्रेरणा
जाह्नवी – मेरी दोस्त बिना मां के बड़ी हुई, उसकी जिंदगी को करीब से देखने से किरदार की भावनाओं को समझने में मिली मदद
मुंबई। स्टार प्लस का नया धारावाहिक ‘सयोनी’ अपने प्रोमो जारी होने के बाद से ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। सरगुन मेहता के ड्रीमियाटा एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रहे इस शो के जरिए अभिनेत्री रश्मि देसाई लंबे अंतराल के बाद टेलीविजन पर वापसी कर रही हैं। वहीं, हाल में जारी प्रोमो में गौतम सिंह विग और जाह्नवी सोनी की झलक ने शो की कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। धारावाहिक में जाह्नवी सोनी सान्वी की भूमिका निभा रही हैं। सान्वी का बचपन अनाथालय में बीता है और उसे बचपन से ही मां के स्नेह से वंचित रहना पड़ा। जाह्नवी की वास्तविक जिंदगी सान्वी से अलग रही है, लेकिन अपनी एक करीबी दोस्त के जीवन को करीब से देखने के अनुभव ने उन्हें इस किरदार की भावनाओं को समझने में महत्वपूर्ण मदद दी।
Jansaamna