फिरोजाबाद। श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के तत्वावधान में तीन दिवसीय दिव्य गीता सत्संग का आयोजन 20 से 22 सितंबर तक नगर के पॉलीवाल हॉल में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जीओ गीता के प्रदेश युवा प्रभारी अभिषेक मित्तल क्रांति ने बताया कि 20 से 22 सितंबर तक प्रतिदिन अपराह्न 3:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक परम पूज्य गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के श्रीमुख से श्रद्धालुओं को दिव्य गीता सत्संग एवं ज्ञानवर्धक प्रवचनों का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम संयोजक अजय जिंदल ने कहा कि आज का मानव जीवन भागदौड़, व्यग्रता और मानसिक अशांति के दौर से गुजर रहा है। भौतिक सुख-सुविधाओं के बावजूद मनुष्य भीतर से अकेला और अशांत महसूस कर रहा है। ऐसे समय में श्रीमद्भगवद्गीता के सार्वभौमिक एवं दिव्य संदेश समाज को सही दिशा दिखाने के साथ जीवन जीने की कला सिखा सकते हैं।
छात्रों, नौजवानों, किसानों और व्यापारियों के उत्थान के लिए संघर्ष कर रही कांग्रेस: रामनिवास यादव
फिरोजाबाद। कांग्रेस की सोच और कार्यशैली देश और देशवासियों के लिए समर्पित रही है। इसी विचारधारा पर चलते हुए पार्टी आज भी छात्रों, नौजवानों, किसानों, मजदूरों और व्यापारियों समेत सभी वर्गों के उत्थान और सम्मान के लिए संसद से लेकर सड़कों तक संघर्ष कर रही है। यह बात कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव ने नगला सलुआ, नारखी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही। रामनिवास यादव ने कहा कि भाजपा सरकारें तरह-तरह के झूठे दावे कर जनता के धन की लूट कर रही हैं। इसके चलते सरकारी विभाग बेलगाम हो गए हैं और मनमानी पर उतारू हैं। निर्दोष लोगों को परेशान किया जा रहा है और उनकी शिकायतें सुनने वाला कोई नहीं है। जनता की समस्याओं की पूरी तरह अनदेखी की जा रही है।
आरटीओ कार्यालय में दलालों पर शिकंजा, प्रवेश पर प्रतिबंध
संवाददाता हिमांशु: कानपुर। संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में अब दलालों की मनमानी पर लगाम लगाने की तैयारी है। कार्यालय परिसर में दलालों के प्रवेश पर प्रतिबंध से संबंधित साइन बोर्ड लगाए गए हैं। इसके साथ ही अलग-अलग स्थानों पर रेट बोर्ड और कर्मचारियों के नाम व पटल संख्या दर्शाने वाले बोर्ड लगाए गए हैं। परिवहन विभाग का दावा है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य कार्यालय की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने और आवेदकों को अनाधिकृत लोगों के चंगुल से बचाना है। आरटीओ प्रशासन की ओर से एआरटीओ प्रशासन कहकशां खातून के साथ कार्यालय परिसर का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने विभिन्न पटल और परिसर में लगाए गए साइन बोर्ड व रेट बोर्ड की स्थिति देखी। इस दौरान आम लोगों को जागरूक करते हुए अपील की गई कि वे अपना काम स्वयं कराएं और किसी दलाल अथवा अनाधिकृत व्यक्ति के माध्यम से कार्य कराने से बचें।
Read More »ऊंचाहार में शिव महापुराण कथा में उमड़ा आस्था का सैलाब
पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। ऊंचाहार में चल रही श्री शिव महापुराण कथा के पंचम दिवस गुरुवार को आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि कथा स्थल से लेकर आसपास के मैदान और संपर्क मार्ग तक शिवभक्तों से पट गए। पं. प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से भगवान शिव की महिमा और सनातन संस्कृति का संदेश सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। विशाल पंडाल में जगह कम पड़ने पर लोगों ने आसपास बैठकर कथा का श्रवण किया। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया। कथा के दौरान पं. प्रदीप मिश्रा ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि महादेव सनातन जीवन-दर्शन के आधार हैं। शिवभक्ति मनुष्य को त्याग, तपस्या, संयम, करुणा और लोककल्याण की राह दिखाती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान शिव के प्रति आस्था को केवल पूजा तक सीमित न रखते हुए जीवन और आचरण का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर शिव महापुराण का श्रवण करते रहे।
एचआईवी कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को चिकित्सा अधिकारियों का प्रशिक्षण
हाथरस। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन के निर्देश पर उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी एवं पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सहयोग से राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिला स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारियों के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण-सह-संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन सीएमओ कार्यालय सभागार में किया गया। कार्यशाला में एचआईवी-एड्स की वर्तमान स्थिति, 95-95-95 लक्ष्य, एचआईवी स्क्रीनिंग, परामर्श एवं परीक्षण सेवाओं, सिफलिस प्रबंधन, सह-संक्रमण, वायरल लोड मॉनिटरिंग तथा समुदाय आधारित रोकथाम सेवाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान एचआईवी एवं एड्स अधिनियम, 2017 के कानूनी प्रावधानों, भेदभाव की रोकथाम तथा अधिकार आधारित दृष्टिकोण पर भी चर्चा की गई।
उद्यान मंत्री ने विभिन्न गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से किया संवाद
रायबरेली। प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने मंगलवार को हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों, वरिष्ठजनों एवं सम्मानित नागरिकों से मुलाकात की। उन्होंने ग्रामीणों का कुशलक्षेम जाना और उनकी स्थानीय आवश्यकताओं एवं जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना। मंत्री ने समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण का आश्वासन दिया। उद्यान मंत्री ने ग्राम सभा हिलगी में ग्रामीण परिवारों के बीच पहुंचकर लोगों से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। इसके बाद ग्राम सभा पहाड़पुर में ग्रामीणों से भेंट कर वरिष्ठजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
धूमधाम से निकलेगी भगवान विश्वकर्मा की भव्य शोभायात्रा
फिरोजाबाद। भगवान विश्वकर्मा की भव्य शोभायात्रा 17 सितंबर को राधाकृष्ण मंदिर से हर्षोल्लास के साथ निकाली जाएगी। शोभायात्रा में दर्जनों आकर्षक झांकियों के साथ तीन बैंड, ऊंट, घोड़ा झांकी और काली अखाड़ा आकर्षण का केंद्र रहेंगे। शोभायात्रा के अध्यक्ष रामबाबू झा ने बताया कि शोभायात्रा राधाकृष्ण मंदिर से प्रारंभ होकर घंटाघर, सेंट्रल चौराहा, बर्फखाना चौराहा, पुराना डाकखाना चौराहा, रामलीला चौराहा और कोटला चुंगी चौराहा होते हुए कोटला रोड स्थित ब्लू हेवन मैरिज होम पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
भाजपा की संगठनात्मक बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने पर दिया जोर
फिरोजाबाद। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश महामंत्री, राज्यसभा सांसद एवं ब्रज क्षेत्र प्रभारी गीता शाक्य ने भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित विभिन्न संगठनात्मक सत्रों की बैठकों में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर देते हुए आगामी अभियानों को प्रभावी ढंग से सफल बनाने का आह्वान किया। गीता शाक्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता है। संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं के आपसी संवाद, समन्वय और निरंतर जनसंपर्क से होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रहे जनकल्याणकारी कार्यों और योजनाओं को प्रत्येक बूथ एवं प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी संगठनात्मक अभियानों को प्रभावी ढंग से सफल बनाने तथा सेवा, संगठन और जनसंपर्क के कार्यों को और गति देने का आह्वान किया।
हिंदी दिवस पर काव्य सम्मेलन, कवियों ने बांधा समां
फिरोजाबाद। हिंदी दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में हिंदी भाषा के प्रति सम्मान और उसके प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से काव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से हिंदी भाषा की गरिमा, साहित्यिक समृद्धि और मानवीय संवेदनाओं को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश डॉ. बब्बू सारंग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव योगेश शिवा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद आयोजित काव्य सम्मेलन में विवेक यादव, संस्थापक सचिव, स्वदेशी समाज सेवा समिति, शुभ कांत यादव, संरक्षक सदस्य, सतीश समर्थ, हितेंद्र मित्र, यशपाल यश और देवी सिंह कुशवाह ने अपनी काव्य रचनाएं प्रस्तुत कीं। कवियों की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।
दाऊजी मेले में पहली बार डब्ल्यूएफआई नियमों के तहत होंगी कुश्तियां
हाथरस। राजकीय लक्खी मेला दाऊजी महाराज के 115वें महोत्सव में 17 सितंबर से आयोजित होने वाले विराट अखिल भारतीय कुश्ती दंगल को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। दंगल संयोजक विपुल गौड़ ने बताया कि पहली बार दाऊजी मेले के अखाड़े में डब्ल्यूएफआई के नियमों के तहत पुरुष और महिला वर्ग की कुश्तियां आयोजित की जाएंगी। इसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से 100 से अधिक पुरुष एवं महिला पहलवान अलग-अलग वजन वर्गों में प्रतिभाग करेंगे। प्रेसवार्ता में बताया गया कि 17 सितंबर को पुरुष वर्ग में 57-65, 65-85 और 85 किलोग्राम से अधिक तथा महिला वर्ग में 55-60 और 65-70 किलोग्राम वजन वर्ग में कुश्तियां होंगी। प्रत्येक वर्ग में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल के साथ विजेताओं का चयन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन से स्थानीय अखाड़ों के पहलवानों को कुश्ती संघ के नियमों के अनुरूप प्रतियोगिता का अनुभव मिलेगा और उनके लिए आगे के अवसर खुलेंगे। वहीं, 18 से 22 सितंबर तक होने वाले परंपरागत दंगल में देश-विदेश के नामचीन पहलवानों के बीच मुकाबले होंगे।
Jansaamna