शिकोहाबाद। लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में नगर के उद्योगपति एवं पूजा ग्रुप के महानिदेशक राजीव अग्रवाल को उत्तर प्रदेश रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें प्रदेश के विकास में योगदान और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रदान किया गया। मंगलवार को लखनऊ के होटल क्राउन प्लाजा में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी मुख्य रूप से मौजूद रहे। दोनों मंत्रियों ने राजीव अग्रवाल को उद्योग जगत में विशिष्ट पहचान बनाने तथा विभिन्न सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने के लिए उत्तर प्रदेश रत्न से सम्मानित किया। राजीव अग्रवाल को सम्मान मिलने पर नगर के उद्योगपतियों, शिक्षाविदों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई दी। बधाई देने वालों में समाजसेवी राजीव गुप्ता, वरुण सिंघल, संजीव गर्ग, विपिन गर्ग, डॉ. रामकैलाश यादव, राज पचौरी, डॉ. रजनी यादव, डॉ. संजीव माथुर, केके खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।
राजकीय हाईस्कूल नारखी में बाल संसद का गठन, छात्र-छात्राओं को सौंपी गई जिम्मेदारियां
फिरोजाबाद। राजकीय हाईस्कूल नारखी में इको क्लब फॉर मिशन लाइफ के अंतर्गत विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से बाल संसद का गठन किया गया। विद्यालय में बाल संसद के निर्वाचन की प्रक्रिया लोकतांत्रिक एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। निर्वाचन अधिकारी के रूप में तनिष्का माथुर ने निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया। निर्वाचन के उपरांत विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न विभागों के लिए मंत्रियों का चयन किया गया। नवगठित बाल संसद में अनुपम को प्रधानमंत्री चुना गया। बाल संसद के मंत्रिमंडल में निशु को कौशल विकास मंत्री, अनुष्का को स्वास्थ्य मंत्री, अमित को शिक्षा मंत्री, ऋतृ को पोषण मंत्री, प्रिया को सुरक्षा एवं न्याय मंत्री, रागिनी को शिक्षा मंत्री, तान्या को उपस्थिति मंत्री, सुशांत को पर्यावरण मंत्री, प्रिंस बघेल एवं निशु को खेलकूद मंत्री, साहिल को न्याय मंत्री तथा अंशु को सुरक्षा मंत्री चुना गया।
साक्षरता दिवस पर आयोजित हुई पोस्टर प्रतियोगिता
➤ छात्र-छात्राओं ने पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से दिया शिक्षा का संदेश
सलोन, रायबरेली। अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय बिजवलिया में पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से शिक्षा एवं साक्षरता का संदेश दिया। छात्र आदर्श कुमार ने पोस्टर पर स्लोगन लिखा, “दुनिया एक विद्यालय है, गांव-शहर एक कक्षा है, सबको शिक्षित करना है, मेरी मंजिल शिक्षा है।” छात्र आदित्य रौनक सैनी ने लिखा, “पढ़ ले भैया, पढ़ ले बहना, साक्षर तो क्या कहना।” वहीं छात्राओं दिव्यांशी, आशी और कशिश ने पोस्टर के माध्यम से शिक्षा का संदेश देते हुए लिखा, “गौतम गांधी और सुभाष से जीवन के अरमान सजा लो, पहचानो अक्षर-अक्षर, मां के सब उद्गार सजा लो।”
मुख्यमंत्री योगी ने वाराणसी से किया 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ
➤ हाथरस में हुआ सजीव प्रसारण, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को किया सम्मानित
हाथरस। 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से शुभारंभ किया। इसका सजीव प्रसारण हाथरस के विकास भवन सभागार में किया गया। यहां राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। राष्ट्रीय पोषण माह 8 अक्टूबर तक ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ की अवधारणा पर मनाया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत अपनी-अपनी परियोजना में सर्वाधिक फॉर्म भरवाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं हाथरस ग्रामीण की बाल विकास परियोजना अधिकारी सोनी कुमारी और सिकंदराराऊ की सीडीपीओ कल्पना दुबे को जिले में सर्वाधिक फॉर्म भरवाने पर सम्मानित किया गया।
यातायात के नियमों का बार-बार उल्लंघन होने पर ड्राइविंग लाइसेंस रद्द होगा : गडकरी
कविता पंत: नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि उनका मंत्रालय एक नई प्रणाली पर काम कर रहा है, जिसके तहत प्रत्येक यातायात अपराध के लिए चालक के लाइसेंस और वाहन के पंजीकरण प्रमाणपत्र से अंक काटे जाएंगे, और बार-बार उल्लंघन करने पर दोनों दस्तावेजों को निलंबित या रद्द किया जा सकता है। गडकरी ने 66वें सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (एसआईएएम) वार्षिक सम्मेलन 2026 में यह घोषणा की। उन्होंने देश भर में सड़क सुरक्षा और चालकों की जवाबदेही में सुधार लाने के उद्देश्य से आगामी परिवर्तनों की एक श्रृंखला प्रस्तुत की। प्रस्तावित ढांचे के तहत, चालक या वाहन मालिक द्वारा किए गए प्रत्येक यातायात अपराध के परिणामस्वरूप उनके लाइसेंस और रजिस्टर से अंक काटे जाएंगे। एक निर्धारित सीमा से अधिक अंक प्राप्त होने पर, अधिकारियों के पास लाइसेंस को निलंबित करने या पूरी तरह से रद्द करने का अधिकार होगा।
भाजपा की बैठक में अभियान की रूपरेखा पर चर्चा
कानपुर। मंगलवार को कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सेवा और समर्पण’ के 25 सेवा संकल्प अभियान को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रभारी शंकर लाल लोधी ने अभियान की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की।
बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी भी मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने आदित्य त्रिवेदी का सम्मान किया। शंकर लाल लोधी ने ‘नवाचार का प्रयोग’ तथा ‘पंचायत से पार्लियामेंट तक संवाद’ कार्यक्रम की जिम्मेदारी आदित्य त्रिवेदी को सौंपी।
उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचकर केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
शिक्षक बच्चों के व्यक्तित्व और चरित्र का निर्माण करने वाले राष्ट्र निर्माता हैं : डीएम
फिरोजाबाद। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), नगला अमान में शिक्षकों को सुरक्षा एवं संरक्षा के प्रति संवेदनशील और दक्ष बनाने के उद्देश्य से ‘कवच’ (सुरक्षा-संरक्षा शिक्षक प्रशिक्षण मॉड्यूल) पर आधारित तीन दिवसीय माध्यमिक शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उन्हें शारीरिक, मानसिक एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा शिक्षकों को बाल सुरक्षा कानून, प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के उपायों के प्रति सक्षम बनाना है। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, योगेश शिवा ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षकों को शिक्षण कार्य में नवाचार और आधुनिक तकनीकों, जैसे स्मार्ट क्लास तथा सीएलएम, का अधिक से अधिक प्रयोग करना चाहिए। शिक्षक केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व और चरित्र का निर्माण करने वाले राष्ट्र निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर पर बच्चों में भाषा और गणित की बुनियादी समझ को मजबूत करने के साथ ही निपुण लक्ष्य प्राप्त करने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
बालिकाओं को अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों के प्रति किया जागरूक
फिरोजाबाद। जनपद न्यायाधीश डॉ. बाबू सारंग के मार्गदर्शन एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, योगेश शिवा के निर्देशन में रेवती देवी बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज में बालिकाओं के लिए विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य बालिकाओं को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही अपने अधिकारों की रक्षा के लिए उपलब्ध कानूनी उपायों की जानकारी देना रहा। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण योगेश शिवा ने कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक बालिका को सशक्त बनाती है। अपने अधिकारों को जानने वाली बालिका न केवल स्वयं को सुरक्षित रख सकती है, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन बांदा ने एआरटीओ कार्यालय का किया निरीक्षण
फिरोजाबाद। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में सौरभ कुमार, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), बांदा ने उप संभागीय परिवहन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) गौरी शंकर ठाकुर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी ने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कवरेज और रिकॉर्डिंग क्षमता का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने कैमरों को सदैव सुचारू रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए।
एनटीपीसी ऊंचाहार को CEE National Power-Gen Leadership Awards में दो सम्मान
रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार ने CEE 4th National Power-Gen Leadership Awards 2026 में दो प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। ये सम्मान Conference on Flexible Operations in Thermal Power Plants के दौरान प्रदान किए गए। एनटीपीसी ऊंचाहार को Excellence IPP Coal Unit Above 1500 MW तथा Public Sector – Excellence Biomass Utilization Plant of the Year श्रेणियों में सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर परियोजना प्रमुख ने एनटीपीसी ऊंचाहार की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान टीम की निरंतर मेहनत, उत्कृष्ट कार्यप्रणाली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। दोनों पुरस्कारों के माध्यम से एनटीपीसी ऊंचाहार की परिचालन दक्षता, ऊर्जा उत्पादन में उत्कृष्टता तथा सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा प्रथाओं के प्रति प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है।
Jansaamna